जीएम ने जानी नईखेड़ी बायपास रेललाइन की स्थिति

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पश्चिम रेलवे के जीएम रामाश्रय पांडे ने मालवांचल में चल रहे रेल प्रोजेक्ट की समीक्षा की। इसमें चिंतामन-नईखेड़ी बायपास रेललाइन पर भी खुलकर बातचीत हुई।
दरअसल, जीएम इंदौर में बैठक लेने पहुंचे थे। इसमें मालवांचल में चल रहे रेल प्रोजेक्ट पर विचार किया गया। रतलाम डिविजन के रेल अधिकारियों ने इंदौर रेलवे स्टेशन के डेवलपमेंट, इंदौर-दाहोद रेल प्रोजेक्ट, लक्ष्मीबाईनगर रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन प्लेटफॉर्म, पातालपानी-ओंकारेश्वर रेल प्रोजेक्ट और उज्जैन की दो बायपास लाइन की जानकारी दी।
जीएम ने उज्जैन की दोनों बायपास लाइन को सिंहस्थ के लिए जरूरी बनाया और इनके निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि फिलहाल लाइन के दायरे में आ रही जमीन को अधिग्रहण करने की तैयारी चल रही है। दोनों ही जगह जमीन ऑनर विरोध कर रहे हैं। वह बड़ा मुआवजा चाहते हैं। इस संबंध में सांसद से बात हुई है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री के मार्फत ज्यादा मुआवजा दिलाने की बात कही है। हालांकि अभी यह मसला आगे नहीं बढ़ा है।
विंडो मुआयना भी
जीएम ने इंदौर-दाहोद रेललाइन का विंडो निरीक्षण भी किया। इस दौरान डीआरएम अश्विनी कुमार, अपर रेल मंडल प्रबंधक अक्षयकुमार भी उपस्थित थे।









