कर्ज से परेशान युवक ने शराब के साथ जहर पीया, मौत

कर्ज से परेशान युवक ने शराब के साथ जहर पीकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है। कालापिपल्या राघवी निवासी 35 वर्षीय बलराम पिता तेजूलाल मजदूरी करता था। मंगलवार शाम वह शराब के नशे में धुत्त होकर घर लौटा।

उसके जीजा कालूराम ने बताया कि बलराम की घर पर अचानक तबियत बिगड़ी तो अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उज्जैन चरक अस्पताल रैफर किया गया। यहां लाए तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कालू राम ने बताया कि बलराम कर्ज से परेशान था। उसकी तीन बेटियां हैं। संभवत: इसी कारण उसने जहर खाकर आत्महत्या की है।
पुराने विवाद में युवक से मारपीट: पुराने विवाद को लेकर युवक के साथ बदमाशों ने मारपीट की जिसकी रिपोर्ट महाकाल थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि शिव केशव होटल यादव धर्मशाला के पीछे रहने वाले कमल पिता कन्हैयालाल मेवाड़ा के साथ बदमाशों ने पुराने विवाद को लेकर मारपीट की। इसी प्रकार ईश्वर पिता पीरूदास बैरागी निवासी मुरलीपुरा को खेत में आने की बात को लेकर सुभाष ने मारपीट की जिसकी रिपोर्ट महाकाल थाने में दर्ज की गई है।









