महाशिवरात्रि पर उज्जैन-भोपाल के बीच 4 मार्च तक स्पेशल ट्रेन

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। रेलवे द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर उज्जैन से भोपाल के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। शिवरात्रि पर देश भर के हजारों श्रद्धालु भगवान महाकालेश्वर के दर्शनों को उज्जैन आते हैं। इसी के चलते रेलवे द्वारा उक्त निर्णय लिया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार उज्जैन एवं सीहोर में महाशिवरात्रि के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने वाली अतिरिक्त भीड़ को समायोजित करने के लिए उज्जैन से भोपाल के बीच आज से 4 मार्च तक एक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
गाड़ी संख्या 09307 उज्जैन-भोपाल स्पेशल 23 फरवरी से 4 मार्च तक उज्जैन से प्रतिदिन 17.35 बजे चलकर मक्सी (18.25/18.27), शुजालपुर (19.10/19.12), सीहोर (20.27/20.32) एवं संत हिरदाराम नगर (21.05/21.07) होते हुए प्रतिदिन 21.35 बजे भोपाल पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09308 भोपाल-उज्जैन स्पेशल भोपाल से प्रतिदिन 22.20 बजे चलकर संत हिरदाराम नगर (22.43/22.45), सीहोर (23.00/23.05), शुजालपुर (00.25/00.27) एवं मक्सी (01.25/01.27) होते हुए अगले दिन रात्रि 02.20 बजे उज्जैन पहुंचेगी। यह ट्रेन स्लीपर, सामान्य श्रेणी एवं एसएलआर कोच के साथ चलेगी।
ब्लॉक के कारण इंदौर जोधपुर शॉर्ट टर्मिनेट
उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के भगत की कोठी यार्ड में लोको ट्रिप शेड के कनेक्शन और शंटिंग नेक के प्रावधान के साथ-साथ स्टेबलिंग लाइनों को चालू करने के कार्य हेतु प्रस्तावित ब्लॉक के कारण पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से चलने वाली इंदौर-जोधपुर ट्रेन एक दिन के लिए शॉर्ट टर्मिनेट होगी।










