दिल्ली में महिलाओं को हर महीने ₹2500 मिलेंगे

दिल्ली सरकार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला समृद्धि योजना लॉन्च कर दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में योजना शुरू करने की घोषणा की।इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली कैबिनेट की बैठक में समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी गई थी। दिल्ली में 72 लाख महिला मतदाता हैं। अनुमान है कि करीब 20 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलगा।

योजना लॉन्च करते हुए नड्डा ने कहा- मैं सीएम रेखा गुप्ता और अन्य लोगों को बधाई देता हूं कि दिल्ली में इस योजना को लागू करने के लिए 5100 करोड़ रुपए जारी किए गए है। यह योजना तुरंत शुरू की जाएगी।
भाजपा की चुनावी सफलता में महिलाओं की भूमिका को स्वीकार करते हुए नड्डा ने कहा, ‘दिल्ली की जीत महिलाओं के समर्थन के बिना संभव नहीं थी।’दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने के वादे के सामने भाजपा ने 2500 रुपए देने का वादा किया था।पार्टी को इसका फायदा मिला और भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 26 साल बाद सत्ता में वापसी की, जबकि AAP 22 सीटों पर सिमट गई।
रजिट्रेस्शन के लिए अलग पोर्टल
महिला समृद्धि योजना का फायदा उठाने के लिए महिलाओं को ई-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए सरकार एक पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इस पर महिलाएं अपने जरूरी दस्तावेज, जैसे वोटर कार्ड, बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र जमा करके आवेदन कर सकेंगी।
क्राइटेरिया तय करने के लिए 3 मंत्रियों की समिति
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, दिल्ली सरकार ने महिलाओं को 2500 रुपए देने के लिए ‘महिला समृद्धि योजना’ को मंजूरी दे दी है। जल्द ही इसका पोर्टल एक्टिव हो जाएगा और महिलाएं इस पर आवेदन कर सकेंगी। क्राइटेरिया तय करने के लिए 3 मंत्रियों – कपिल मिश्रा, आशीष सूद और प्रवेश वर्मा की समिति बनाई गई है।
अगले साल योजना का बजट बढ़ाया जाएगा
योजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि योजना के लिए अगले साल बजट बढ़ाया जाएगा। इस साल योजना के लिए 1 हजार करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इससे महिलाओं को पहले से मिल रही सहायता में कोई रुकावट नहीं आएगी।









