लालपुल ओवरब्रिज अब बन रहा फोरलेन

लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया काम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 में चिंतामन गणेश मंदिर जाना आसान होगा। लालपुल ओवरब्रिज को फोरलेन बनाने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। मौजूदा ब्रिज के समानांतर नया ब्रिज बनाया जा रहा है, जिससे यह ब्रिज अब फोरलेन हो जाएगा।
हरिफाटक ओवरब्रिज से चिंतामन गणेश मंदिर तक फोरलेन रोड बनाया जाएगा। इसकी तैयारी लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दी है। रोड के चौड़ीकरण के साथ ओवरब्रिज को भी फोरलेन करने की योजना है। सीआरईएफ योजना के तहत इस रोड को फोरलेन बनाने का काम लोक निर्माण विभाग ने अपने हाथ में लिया है।
इसके तहत ब्रिज के समानांतर नया ब्रिज भी विभाग द्वारा ही बनाया जा रहा। ठेकेदार कम्पनी ने ब्रिज के समानांतर नया ब्रिज बनाने के लिए पिलर खड़े करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। सिंहस्थ से पहले इसे बनाने का टारगेट है। महापर्व के दौरान इस रोड और ब्रिज पर ज्यादा भीड़ होने की संभावना है। पिछले सिंहस्थ में बनी स्थिति को देखते हुए प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने इसे बनाने का बीड़ा उठाया है।
ब्रिज विभाग की जगह पीडब्ल्यूडी बना रहा
लालपुल ओवरब्रिज को बनाने की योजना पहले पीडब्ल्यूडी ब्रिज को सौंपी गई थी। ब्रिज विभाग ने इसका सर्वे कर पूरी योजना तैयार की, लेकिन बाद में यह बी एंड आर डिविजन को सौंपा गया।
फ्रीगंज ओवरब्रिज से पहले काम
फ्रीगंज ओवरब्रिज की जगह नया फोरलेन ओवरब्रिज बनाने का प्रोजेक्ट सबसे पहले सरकार द्वारा स्वीकृत किया गया था, लेकिन अभी उसका काम ही शुरू नहीं हो सका जबकि लालपुल ब्रिज का प्रोजेक्ट बाद में मंजूर हुआ और इसका काम भी शुरू कर दिया गया।










