परिवार गमी में गया था, सूना मकान देखा और 35 लाख रुपए की चोरी कर भाग गए

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। कानीपुरा स्थित तिरूपति धाम में एक व्यापारी के सूने मकान का ताला तोड़ कर चार बदमाश सोना-चांदी और नकदी सहित 35 लाख की चोरी कर खेत के रास्ते से भाग गए। चिमनगंज मंडी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

तिरूपति धाम में रहने वाले राजेश नागर दाल-चावल के थोक व्यापारी हैं। फव्वारा चौक पर उनकी होलसेल की दुकान है। उनके परिवार में गमी हो गई थी। परिवार के लोग शाम पांच बजे पिटौल झाबुआ गए हुए थे। रात तीन बजे के करीब चार चोरों ने उनके मकान का पिछला गेट तोड़ा और घर का सामान उथल-पुथल कर दिया।
घर में रखा 25 तोला सोना, ढाई किलो चांदी, नगदी साढ़े बारह लाख व अन्य सामान सहित करीब 35 लाख की चोरी कर खेत के रास्ते से भाग गए। सीसीटीवी में चार युवक आते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस इसी आधार पर चोरों का पता लगा रही है। राजेश की बेटी की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। उसके जेवर घर में रखे हुए थे।









