उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारी: 95 करोड़ रुपए से चार ब्रिज बनाने के टेंडर लगाए

छोटा पुल तोडक़र 17 करोड़ रुपए में बनाएंगे नया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीएचई की पेयजल लाइन शिफ्ट करने पर खर्च होंगे 6 करोड़ रुपए

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारी के लिए लोक निर्माण विभाग (सेतु) ने 95 करोड़ रुपए के चार ब्रिज बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनके टेंडर लगा दिए हैं ताकि बारिश के मौसम से पहले किसी एजेंसी को काम सौंपा जा सके। रामघाट के पास शिप्रा नदी पर बने मौजूदा छोटे पुल को तोडक़र नया और 30 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। इसके लिए पीएचई की पेयजल लाइन शिफ्ट करने की तैयारी भी हो गई है।

सिंहस्थ 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है। दो नए ओवरब्रिज और दो ब्रिज शिप्रा नदी पर बनाए जाएंगे। इनके टेंडर लगा दिए गए हैं और जून तक ये खुल जाएंगे। विभाग ने 11 जून की डेडलाइन टेंडर भरने के लिए तय की है। ब्रिज बनने से आवागमन आसान होगा और प्रयागराज महाकुंभ की तरह भगदड़ के हालात नहीं बनेंगे। रामघाट पर बने पुराने समय के छोटे पुल को तोडक़र नया ब्रिज 30 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा।

इसके लिए पीएचई की पेयजल सप्लाई लाइनें शिफ्ट करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसलिए पीएचई से एस्टीमेट ले लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार इस पर 6 करोड़ 17 लाख रुपए का खर्च होने की संभावना है। विभाग ने इसके लिए 17 करोड़ से अधिक राशि का टेंडर लगाया है। शिप्रा नदी पर दूसरा ब्रिज लालपुल के नीचे बनाया जाएगा। यह फोरलेन होगा जो भूखीमाता मंदिर क्षेत्र और बडऩगर रोड को जोड़ेगा।

मक्सी रोड ब्रिज 35 करोड़ में होगा फोरलेन

उज्जैन मक्सी रोड स्थित एलसी नंबर 2 ओवरब्रिज अभी फ्रीगंज और मक्सी रोड को जोड़ता है। इसे अब 35 करोड़ रुपयों से फोरलेन किया जाएगा। अभी यह टू लेन ब्रिज है। उद्योगपुरी और एमआर 5 रोड को यह जोड़ता है। इसके फोरलेन बनने से शहर का विकास तेज होगा। उद्योगपुरी को एक नई एनर्जी मिलेगी।

दूसरा ओवरब्रिज (एलसी नं. 7) लालपुर रोड को देवास रोड से जोड़ता है। यह पंचकोसी रोड भी है। इस पर विभाग द्वारा एक ब्रिज पहले ही बनाया जा रहा है, जिसका अभी रेलवे पोर्शन बनना बाकी है लेकिन पीडब्ल्यूडी ने इसके पैरेलल दूसरा ओवरब्रिज करीब 28 करोड़ लागत से बनाने के लिए टेंडर लगा दिया है।

एक कंपनी बनाएगी तीन पुल

शिप्रा नदी पर बनने वाले तीन पुल एक ही कंस्ट्रक्शन कंपनी बनाएगी। सिद्धवट से अंगारेश्वर तक, नृसिंहघाट में नया ब्रिज और पिपलीनाका से भैरवगढ़ को जोडऩे वाले तीनों ब्रिज का टेंडर डीआर अग्रवाल कंपनी का खुला है। इसकी मंजूरी की प्रक्रिया जारी है। केडी गेट से राणोजी की छतरी से रणजीत हनुमान मंदिर की तरफ फोरलेन ब्रिज का ठेका भदौरिया ने लिया है।

यह कंपनी पिछले सिंहस्थ में ऋणमुक्तेश्वर और जीरो प्वाइंट के ब्रिज बना चुकी है। ओखलेश्वर ब्रिज के पैरेलल ब्रिज बनाने का ठेका शुभम गुप्ता ने लिया है जबकि तपोभूमि से हामूखेड़ी रोड को जोडऩे वाले ब्रिज का ठेका नोएडा की इनडीड कंपनी ने लिया है।

ब्रिज के टेंडर

36.56 करोड़ रुपए का उज्जैन मक्सी रोड पर एलसी नं. 2 ओवरब्रिज

27.97 करोड़ का एलसी नं. 7, विक्रमनगर रेलवे स्टेशन के पास देवास ब्रॉडगेज ट्रैक पर लालपुर में नया ओवरब्रिज

17.42 करोड़ रुपए का कार्तिक चौक से शंकराचार्य चौराहा तक छोटा पुल

13.38 करोड़ का टेंडर लालपुल के नीचे फोरलेन सबमर्सिबल ब्रिज

काम तेज कर दिए

सिंहस्थ की तैयारी के लिए हमने ओवरब्रिज और ब्रिज के काम तेज कर दिए हैं। चार नए ब्रिज के टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है जबकि अन्य ब्रिज के टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।-पीएस पंत,कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी ब्रिज

Related Articles