Advertisement

चाचा-भतीजे को बस ने मारी टक्कर भतीजे की अस्पताल ले जाते समय मौत

चाचा का गंभीर हालत में इंदौर के निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। शनिवार रात आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के पास बिजली फिटिंग का काम कर घर लौट रहे चाचा-भतीजे को गोयला में अज्ञात बस ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे भतीजे की मौत हो गई और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रविवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक का नाम अजय पिता प्रकाश बगाड़ा (२२) निवासी ग्राम खेड़ला, भैरवगढ़ है। परिजनों ने बताया कि अजय इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और शनिवार रात चाचा विष्णु पिता गोरेलाल के साथ आरडी गार्डी के पास से लाइट फिटिंग का काम खत्म कर घर लौट रहा था। रात करीब १० बजे उज्जैन-उन्हेल रोड पर ग्राम गोयला में उन्हें अज्ञात बस ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे अजय और चाचा विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गए।

Advertisement

हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना दी जिसके बाद दोनों घायलों को चरक अस्पताल लाया गया लेकिन रास्ते में अजय ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं चाचा विष्णु को हालत गंभीर होने पर इंदौर रैफर कर दिया जहां निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

भैरवगढ़ थाने के प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह राजपूत ने बताया कि अभी घायल बयान देने की स्थिति में नहीं है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इधर, परिजनों का आरोप है कि टक्कर मारने वाली बस ने टोल भी तोड़ा है।

Advertisement

Related Articles

Write a review