दर्शन करने का बोलकर निकला युवक तीन दिन बाद भी नहीं लौटा घर

उज्जैन। इंदौर रोड स्थित ग्राम शक्करवासा में रहने वाला 19 वर्षीय युवक लापता हो गया। वह घर से त्रिवेणी शनि मंदिर के दर्शन करने का बोलकर निकला था जो घर नहीं लौटा। काफी तलाशने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने नागझिरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

लापता युवक का नाम राहुल पिता ओमप्रकाश प्रजापत (19) निवासी शक्करवासा है। जो मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है। उसके भाई अमन प्रजापत ने बताया कि वह रोज की तरह 28 जुलाई को सुबह 9.30बजे त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर के दर्शन करने का बोलकर गया था लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
जब काफी देर तक जब राहुल घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन पता नहीं चला। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि वह कावड़ यात्रा में चला गया है। इसके बाद उन्होंने नागझिरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। हालांकि, तीन दिन बीतने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका है।









