घर के सामने झगड़ा करने से मना किया तो मार डाला

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। घर के सामने विवाद कर रहे लोगों को समझाना एक युवक को भारी पड़ गया। झगड़ रहे लोगों ने युवक पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
मामला बडऩगर का है। यहां पर 14 अगस्त की रात पेट्रोल पंप के पास स्थित पारदी डेरा के बाहर कुछ लोग शराब पीकर एकदूसरे को गालियां देकर झगड़ा कर रहे थे। डेरा में रहने वाले राजा पिता संकु सिंह उम्र ३० ने इन्हें घर के सामने विवाद करने से मना किया तो सादेन, नीलेश और जीवनसिंह ने राजा पर ही हमला कर दिया।
इन्होंने वहीं पड़े बल्ली के टुकड़े को राजा के सिर पर दे मारा। जिससे राजा वहीं अचेत होकर गिर गया। बाद में तीनों ने उसे लात-घूतों से पीटा और भाग गए। घटना के बाद पत्नी ने राजा को झोंपड़ी में सुला दिया। 15 अगस्त की सुबह राजा नहीं जागा तो उसे बडऩगर और वहां से रतलाम जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बडऩगर टीआई अशोक पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों के नाम सामने आते ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया। तीनों बडऩगर के हैं। आरोपी सादेन पेंटर है और जीवनसिंह व नीलेश ड्राइवरी करते हैं। मृतक राजा इंदौर जिले के बेटमा के पास रावत गांव का रहने वाला है और काम की तलाश में यहां पत्नी और ३ बच्चे के साथ पारदी डेरे में रहता था। पूरा परिवार मजदूरी और अटाला बीनने का काम करता था।









