हिस्ट्रीशीटर व 2 नाबालिग गिरफ्तार, चांदी के आभूषण और 1000 रु. नकद बरामद

जेल में बंद पिता-पुत्र के मकान में हुई चोरी का खुलासा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नीलगंगा थाना पुलिस ने एक मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाश कुणाल उर्फ प्रिंस और उसके साथ शामिल दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने एक हत्या के मामले में जेल में बंद पिता-पुत्र के सूने मकान को निशाना बनाया था।
नीलगंगा पुलिस के मुताबिक संजय नगर निवासी तेजुबाई धानक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 से 31 अक्टूबर के बीच जब वह मायके गई हुई थीं, तब अज्ञात बदमाशों ने उनके सूने मकान का ताला तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। उनके पति रामचंद्र और पुत्र देवेन्द्र मार्च माह में होली के दिन हुई हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं। बदमाशों ने मकान से चांदी के आभूषण, बच्चों की गुल्लक (जिसमें 6 से 7 हजार रुपये थे) और एक डीजे मशीन चुरा ली थी।
मुखबिरों ने दिया सुराग
घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे न होने पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संजय नगर के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश कुणाल उर्फ प्रिंस पिता किशोर सौदे को तीन बत्ती चौराहा से हिरासत में लिया गया। कुणाल ने पूछताछ में 2 नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर चांदी के 4 कड़े और एक हजार रुपये बरामद किए गए हैं। डीजे मशीन बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
दो दर्जन से अधिक अपराध दर्ज
आरोपी कुणाल उर्फ प्रिंस के खिलाफ पूर्व में भी 2 दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से कुणाल सौदे को जेल और दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
हार-जीत की लग रही थी बाजी फिर पहुंची पुलिस, 5 गिरफ्तार
उज्जैन। खाचरौद थाना क्षेत्र के ग्राम रुनखेड़ा में हार और जीत पर बाजी लगा रहे पांच जुआरियों को पुलिस ने पकड़ा है। इसने पास से 6900 रुपए नकद और ताश पत्ती जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली की कुछ लोग ग्राम रुनखेड़ा में जुआ खेल रहे हैं। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची तो तालाब की पाल पर कुछ व्यक्ति जुआ खेलते मिले। पुलिसकर्मियों ने पांच जुआरियों सोहन पिता मदनलाल परमार, भरतलाल पिता प्रहलाद ढोली दोनों निवासी ग्राम धमोतर, चौकी बागरोद, थाना नामली, जिला रतलाम, चंदपाल सिंह पिता हेमतसिंह गोहिल, कमलसिंह पिता भगवानसिंह गोहिल और युवराज पिता बलवीर सिंह चौहान तीनों निवासी ग्राम रूनखेड़ा, थाना खाचरौद को पकडक़र 690० रुपए और ताशपत्ते जब्त किए। पुलिस ने जुआ एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।









