सीएम सुगम परिवहन योजना: चार तरह के रूटों पर दौड़ेंगी पीपीपी मॉडल की बसें

संदीप सोनी को मिली यूसीटीएसएल ईडी की जिम्मेदारी, अप्रैल से शुरू हो सकती है सेवा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की तैयारी अब संभाग में भी शुरू हो गई है। शुक्रवार को यूसीटीएसएल (उज्जैन सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेेज लिमिटेड) के बोर्ड का पुर्नगठन कर दिया गया। उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) सीईओ संदीप सोनी को कंपनी का ईडी (कार्यकारी निदेशक) बनाया है। ट्रांसपोर्ट सचिव मनीष सिंह एमडी की भूमिका में होंगे। बोर्ड में उज्जैन संभाग के आठ जिले (उज्जैन, रतलाम, शाजापुर, देवास, नीमच, मंदसौर और आगर-मालवा) के कलेक्टर, महापौर, निकाय के प्रतिनिधि, पीडब्ल्यूडी , परिवहन विभाग के अफसर सदस्य रहेंगे।
सीएम सुगम परिवहन योजना नई वित्तीय वर्ष अप्रैल से शुरू होना है। इसके लिए प्रदेश में एक मुख्य कंपनी बनाई गई है। इस कंपनी के भीतर सात रीजनल कंपनियां काम करेंगी। यह अपने रीजनल (क्षेत्र) में परिवहन सेवा का संचालन करेंगी। इसके लिए पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड अपनाया जाएगा। यानी बस प्राइवेट ऑपरेटर मुहैया कराएंगे लेकिन सर्विस संबंधी काम कंपनियां देखेंगी। इसमें रूट, किराया, समय, यात्री सुविधा की व्यवस्था कंपनियां करेंगी। यह बसें चार तरह से चलेंगी।
ऐसे चलेंगी बसें
1. शहर के भीतर- शहर के भीतर ट्रांसपोर्ट सुविधा को बेहतर करने के लिए यह बसेंं चलेंगी। इन्हें सिटी बस के नाम से जाना जाएगा। फिलहाल इंदौर और भोपाल में ही यह सुविधा ठीक से चल रही है।
2. तहसील मुख्यालय इसमें बस जिला से तहसील मुख्यालय तक चलेंगी। जैसे उज्जैन से तराना, उज्जैन से बडऩगर, उज्जैन से महिदपुर, उज्जैन से खाचरौद, उज्जैन से घट्टिया, शाजापुर से शुजालपुर, आगर-मालवा से सुसनेर।
3. दो बड़े शहरों के बीच- दो बड़े शहरों के बीच बस सेवा शुरू होगी। जैसे उज्जैन से इंदौर, उज्जैन से देवास, उज्जैन से रतलाम, उज्जैन से नीमच, उज्जैन से आगर-मालवा, उज्जैन से शाजापुर। शाजापुर से उज्जैन, शाजापुर से आगर मालवा, रतलाम से मंदसौर-नीमच
4. ग्रामीण क्षेत्र में – यह सेवा पूरी तरह ग्रामीण क्षेत्र पर आधारित होगी। यह बसें जिला मुख््यालय को कवर नहीं करेंगी। सरकार का सबसे ज्यादा जोर इसी क्षेत्र पर रहेगा।
9.5 साल के अनुभवी सोनी को जिम्मेदारी
उज्जैन की क्षेत्रीय कंपनी की जिम्मेदारी पब्लिक ट्रांसपोर्ट में 9.5 साल का अनुभव रखने वाले राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसर संदीप सोनी को सौंपी गई है। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के सीईओ रहते सोनी ने ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल खड़ा किया था। सिटी बस और चार्टर्ड सेवा के जरिए एआईसीटीएल ने नई मिसाल कायम की थी। सोनी ने बताया कि यूसीटीएसएल का पुर्नगठन हो गया है। कंपनी के एमडी के निर्देशानुसार संभाग में भी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।









