ठक-ठक गैंग के कार्तिकेय को पूछताछ के लिए जेल से लाएगी महाकाल पुलिस

उज्जैन। कारों के कांच फोड़कर कीमती सामान और नकदी उड़ाने वाली कुख्यात ठक-ठक गैंग के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। महाकाल थाना पुलिस इस गिरोह के सक्रिय सदस्य कार्तिकेय शेरवे को केंद्रीय जेल से प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए लेकर आएगी। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान शहर में हुई चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि कार्तिकेय और उसके साथी नित्यानंथम ने हरसिद्धि पाल पार्किंग में खड़ी पुणे के एक श्रद्धालु की कार का कांच फोड़कर बैग चोरी किया था। उस बैग में हजारों रुपये की नकदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान मौजूद था। पुलिस इस मामले में नित्यानंथम से पहले ही पूछताछ कर चुकी है और अब कार्तिकेय से घटनाक्रम के कडिय़ां जोड़ी जाएंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तमिलनाडु से आकर उज्जैन में डाला था डेरा: पुलिस जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि यह पूरी गैंग तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से दिसंबर माह में उज्जैन आई थी। गैंग के सदस्य श्रद्धालु बनकर महाकाल क्षेत्र की होटलों में रुकते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो। इस गिरोह में कार्तिकेय के साथ आदिथन शेरवे, करवनन, शशिकुमार, नित्यानंथम, किरण और हरीश जैसे शातिर बदमाश शामिल थे, जिन्हें नानाखेड़ा पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार किया था।
20 लाख पर भी किया था हाथ साफ: गैंग ने नानाखेड़ा, महाकाल और माधवनगर में आतंक मचा रखा था। सबसे बड़ी वारदात नानाखेड़ा क्षेत्र में हुई थी, जहां इन्होंने एक प्रॉपर्टी कारोबारी की कार का कांच फोड़कर 20 लाख रुपयों से भरा बैग उड़ा लिया था।










