सायबर ठगी…तीन बार मोबाइल पर आए ओटीपी और खाते से कट गए 2.57 लाख से अधिक रुपए

फरियादी बोला- मैंने ओटीपी नहीं बताए, पुलिस बोली- लिंक पर क्लिक किया होगा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम सेकड़ी सुल्तानपुर में रहने वाले मजदूर के साथ सायबर ठगी की वारदात हुई। उसके मोबाइल पर तीन ओटीपी आए, उसने किसी को बताए नहीं लेकिन बावजूद इसके उसके बैंक खाते से तीन बार में 2.57 लाख रुपए से ज्यादा की राशि कट हो गई ,जबकि पुलिस का कहना है कि उसने किसी अंजान लिंक पर क्लिक किया हो गया जिससे सायबर ठगों ने मोबाइल का एक्सेस ले लिया और खाते राशि कट हो गई। मामले में मंगलवार को फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
उन्हेल थाने के कांस्टेबल जितेंद्र पाल ने बताया कि घटना दिसंबर 2025 की है। ग्राम सेकड़ी सुल्तानपुर में 30 वर्षीय दिनेश पिता बैराजी बोडाना रहता है। मजदूरी करने वाले दिनेश ने होम लोन लिया था। 17 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल पर तीन ओटीपी आए, उसका कहना है उसने किसी को ओटीपी नहीं बताए बावजूद उसके बैंक अकाउंट से तीन बार में 2,57,321 रुपए की राशि अज्ञात व्यक्ति ने निकाल लिए। जब उसे पता चला तो उसके होश उड़ गए।
घटना को डेढ़ माह से अधिक वक्त बीतने के बाद मंगलवार को उसने उन्हेल थाने पहुंचकर सायबर ठगी की शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए मामला जांच में लिया है। कांस्टेबल पाल ने बताया कि संभवत: फरियादी दिनेश बोडाना ने अंजान लिंक पर क्लिक किया होगा जिससे सायबर ठग ने उसके मोबाइल का एक्सेस ले लिया होगा और फिर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
इन बातों का रखें ख्याल
मोबाइल में बैंक या अन्य कोई पासवर्ड सेव करके ना रखें।
मोबाइल पर किसी ऑफर या छूट में खरीदारी से पहले उसकी साइट पर जाकर चैक करें, रिव्यू भी पढ़ें।
बिजली बिल, गैस कंपनी या अन्य किसी सुविधा का बिल भरने के लिए कॉल आएं तो उस पर विश्वास ना करें।
फ्री वाईफाई के झांसे में ना आएं, इससे मोबाइल हैक हो सकता है।
मोबाइल अंजान व्यक्ति को ना दें, इमरजेंसी में किसी को बात करवाना हो तो खुद नंबर डायल कर स्पीकर पर बात करवाएं।
लिंक पर क्लिक हो जाए तो यह करें
मोबाइल में लगी सिम को निकाल दें।
मोबाइल को अधिकृत सर्विस सेंटर ले जाकर हार्ड फॉर्मेट करवाएं।
हार्ड फॉर्मेट के बाद मोबाइल में नई सिम कार्ड लगवाएं।
अपनी ई-मेल आईडी का पासवर्ड बदलें।
मोबाइल में उपयोग होने वाले बैंकिंग ऐप, सोशल मीडिया, यूपीआई आदि के पासवर्ड बदलें।
उपरोक्त सावधानी नहीं अपनाने पर बैंक अकाउंट से राशि निकालने की संभावना बनी रहती है।









