बेटे के थप्पड़ का खौफनाक बदला लिया था रायसिंह ने

सोते समय मारा और शव बाथरूम के पास पटका, सुबह अटैक का झांसा देकर भाग निकला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पंवासा थाना क्षेत्र के रघुनंदन मैरिज गार्डन के पीछे रहने वाले विशाल की मंगलवार सुबह घर में लाश मिली थी। हत्या का आरोप पिता रायसिंह पर था। फरार पिता को पुलिस ने मक्सी से पकड़ लिया। उसने बताया कि विवाद के दौरान बेटे ने उसे थप्पड़ मार दिया था, जिसका बदला लेने के लिए उसने बेटे का सोते समय गला दबाया और लाश बाथरूम में पटक दीा।
आरोपी रायसिंह सोलंकी पेशे से मिस्त्री है और उसे शराब की लत है। सोमवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी सावित्री के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। घर में हो रहे इस क्लेश को देख छोटा बेटा विशाल बीच-बचाव करने पहुंचा और आवेश में आकर उसने अपने पिता रायसिंह को एक थप्पड़ जड़ दिया। इस विवाद से आहत होकर पत्नी सावित्री घर छोड़कर पास ही रहने वाले भाई के यहां चली गई, जबकि बड़ा बेटा सागर और विशाल अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।
परिजनों को हार्ट अटैक का झांसा देकर हुआ फरार
मंगलवार सुबह जब विशाल अपने बिस्तर पर नहीं मिला, तो बड़े भाई सागर ने तलाश शुरू की। पिता रायसिंह ने खुद बाथरूम का दरवाजा खोलकर दिखाया और नाटक करते हुए कहा कि शायद विशाल को हार्ट अटैक आया है। हालांकि, विशाल के गले पर खरोंच और नाखून के निशान देखकर सागर को पिता पर शक हुआ। जैसे ही सागर ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, आरोपी रायसिंह घर से भाग निकला।
सोते समय गला दबाकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी रायसिंह ने कबूल किया कि थप्पड़ खाने के बाद वह काफी गुस्से में था। जब घर के अन्य सदस्य सो गए, तो वह देर रात दबे पांव विशाल के कमरे में दाखिल हुआ। विशाल गहरी नींद में था, जिसका फायदा उठाकर रायसिंह ने उसका गला दबा दिया। दम घुटने के कारण विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने बेटे लाश को घसीटकर बाथरूम में पटक दिया और खुद अपने कमरे में जाकर सो गया।
लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने मक्सी के पास से दबोचा
थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और आरोपी का मोबाइल लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। रायसिंह की लोकेशन मक्सी के समीप झोंकर क्षेत्र में मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।









