हाईप्रोफाइल तंत्र गुरु उत्तम स्वामी कांड से उज्जैन में भी मचा हड़कंप

राजस्थान की युवती ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेज लगाया बलात्कार का आरोप, पीडि़ता ने परिवार के लिए सुरक्षा भी मांगी….
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महामंडलेश्वर, कथावाचक और हाई प्रोफाइल तंत्र गुरु उत्तम स्वामी पर राजस्थान निवासी युवती द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाने के बाद उज्जैन में भी हड़कंप है। स्वामी के कई हाईप्रोफाइल भक्त उज्जैन से हैं और इस वजह से उनका उज्जैन आना-जाना लगा रहता है। अब यह भक्त सकते में हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है।
दरअसल दिल्ली पुलिस कमिश्नर को राजस्थान की एक युवती ने ई-मेल भेजकर सुरक्षा की मांग की है। पीडि़ता ने बताया है कि धर्म की आड़ में उत्तम स्वामी कई साल से उसका यौन शोषण कर रहा है। यह सिलसिला नाबालिग होने के समय से चल रहा है। उसने विरोध किया तो उसे डराया-धमकाया गया। उत्तम स्वामी के प्रभाव के कारण वह शिकायत तक नहीं कर सकी। पीडि़ता ने आरोपों से जुड़े सबूत होने का दावा करते हुए कानूनी मदद मांगी है। पीडि़ता ने यह भी लिखा है कि आरोपी ने धर्म और आस्था के नाम पर बहला-फुसलाकर उसके साथ कई स्थानों पर बलात्कार किया है।
कौन हैं उत्तम स्वामी
कभी जैन संत ऋषभ विजय जी के साथ रहे उत्तम स्वामी करीब 30 साल पहले सनातन की तरफ मुड़े। इस दौरान राजनेताओं और हाईप्रोफाइल लोगों के साथ उनका संपर्क रहा। कभी कांग्रेस नेताओं के खास रहे स्वामी सत्ता बदलते ही भाजपा और आरएसएस से जुड़ेनेताओं के गुरु हो गए। उनके चाहने वालों में उज्जैन के भी कई लोग शामिल हैं।
इनमें इंदौर रोड स्थित एक होटल एवं रिसोर्ट के मालिक, भाजपा के एक पूर्व संभागीय संगठन मंत्री, एक कैटरिंग संचालक प्रमुख हैं। इनकी नजदीकियों के चलते उज्जैन के कई कार्यक्रमों में भी उन्हें बतौर धर्मगुरु बुलाया गया। 12 जुलाई 2025 को ही वे माधव सेवा न्यास के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। स्वामी की धाक इतनी थी कि एक कार्यक्रम में सीएम नहीं पहुंचे तो उन्होंने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी भी जताई थी। हालांकि सीएम
डॉ. मोहन यादव ने हम तो आपके बच्चे हैं कहकर मामले को तब शांत किया था। स्वामी का मूल आश्रम राजस्थान के बांसवाड़ा में है। आदिवासी बाहुल्य इस जिले में आश्रम होने से उनके संपर्क में राजस्थान की तत्कालीन सीएम वसुंधरा राजे आई थीं। स्वामी उनके साथ कई बार मंचों पर भी दिखाई देते थे। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के लोहगांव में जन्मे ईश्वरानंद महाराज को ध्यान योगी उत्तम स्वामी के नाम से जाना जाता है।
यह लिखा पीडि़ता ने ईमेल में
मैं (पीडि़ता) अपने लिए तत्काल पुलिस सुरक्षा का औपचारिक अनुरोध करने के लिए यह पत्र लिख रही हूं। मुझे उत्तम स्वामी (आरोपी) द्वारा गंभीर यौन अपराध (बलात्कार) का शिकार बनाया गया है। मैं भारतीय न्याय संहिता (BNS)/भारतीय दंड संहिता (IPC) की संबंधित धाराओं के अंतर्गत औपचारिक शिकायत दर्ज कराने वाली हूं। आरोपी स्वयंभू आध्यात्मिक व्यक्ति है, जिसका काफी प्रभाव और बड़ा अनुयायी वर्ग है। उसे हाल ही में मेरे द्वारा कानूनी कार्रवाई करने के इरादे की जानकारी मिल गई है। तब से मुझे एफआईआर दर्ज होने से रोकने और चुप कराने के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष धमकियां दी जा रही हैं।
आरोपी के ‘गॉडमैन’ जैसे प्रभाव के कारण गवाहों को प्रभावित करने, शारीरिक डराने-धमकाने और सबूत नष्ट करने का गंभीर खतरा है। आरोपी के पास मेरे आवागमन पर नजर रखने के संसाधन हैं, जिससे मैं अत्यंत असुरक्षित महसूस कर रही हूं। साथ ही, मीडिया में खबरें आने और आरोपी को मेरी पहचान पता चलने के कारण मेरी सुरक्षा खतरे में है।
आरोपी ने धर्म और आस्था के नाम पर मुझे बहला-फुसलाकर कई स्थानों पर मेरे साथ बलात्कार किया है। बलात्कार के अतिरिक्त उस पर धोखाधड़ी, छल और आपराधिक विश्वासघात के भी आरोप हैं। मैं निवेदन करती हूं कि मेरे वर्तमान निवास पर 24म7 पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। कृपया मेरी पहचान और वर्तमान स्थान को गोपनीय रखा जाए। हमें आपके कार्यालय की प्रतिबद्धता पर विश्वास है और आशा है कि भय के कारण न्याय बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
कांग्रेस ने की जांच और कार्रवाई की मांग
उत्तम स्वामी पर लगे दुष्कर्म के आरोपों से मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा ने इस संबंध में जांच व कार्रवाई की मांग की है।









