सुविधाजनक रहा डबल डेकर बस का सफर

पहले दिन यात्रियों ने किया महाकाल तक का सफर, शिवरात्रि पर कल भी चलेगी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। महाशिवरात्रि पर शहर आने वाले भक्तों के लिए नि:शुल्क डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस की शनिवार से शुरुआत हो गई। स्विच मोबिलिटी कंपनी की इस बस में करीब 65 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। हर आधे घंटे में यह बस नानाखेड़ा से हरिफाटक ब्रिज के फेरे लगाएगी। जिसमें महाकाल मंदिर आने वाले यात्री नि:शुल्क सवारी कर सकेंगे। बस शहर में दो दिन 14 और 15 फरवरी को चलेगी।
शनिवार सुबह 9 बजे बस की शुरुआत हुई।
यह इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस शहरवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। बस के ड्राइवर वी. राघवेंद्र ने बताया कि यह बस पूरी तरह देश में ही बनी है। यह देश की पहली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस ऑटोमैटिक है। इसमें सुरक्षा के इंतजाम भी आधुनिक हैं। बस के निचले हिस्से में 30 और ऊपरी मंजिल पर 35 यात्रियों की बैठक व्यवस्था है। सीट के अलावा लगभग 30 यात्री खड़े होकर सफर कर सकते हैं। पूरी बस एयर कंडीशन है। इसमें ऑटोमैटिक दरवाजे और सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बबलू यादव मित्र मंडल की ओर से महाशिवरात्रि पर बस नि:शुल्क चलाई जा रही है।
यात्री बोले- आराम दायक है सफर
पहली ट्रिप शनिवार सुबह 9 बजे नानाखेड़ा से रवाना हुई। जिसमें कुल चार यात्री थे। इसमें सीमा मालवीय, रूपेश दुबे, वेदांत पांड्या और शांतिलाल सवार थे। यात्रियों ने बताया कि बस में यात्रा का अनुभव काफी आनंददायी रहा। यह बस काफी सुविधाजनक व आरामदायक है। इसमें गड्ढे भी महसूस नहीं होते।









