चौड़ीकरण प्रभावितों को मल्टी में मिलेंगे आशियाने

मुआवजा चाहिए या भवन, हितग्राही कर सकेंगे पसंद: आयुक्त

उज्जैन। केटीएम शोरूम से नीलगंगा चौराहे तक होने वाले सडक़ चौड़ीकरण प्रभावितों को नगरनिगम ने मुआवजा और भवन के ऑप्शन दिए हैं। प्रभावित दोनों में से किसी भी एक को चुन सकेंगे। प्रभावितों को मल्टी में आशियाना दिया जाएगा। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस संबंध में इलाके का मुआयना किया और प्रभावितों से सीधा संवाद किया।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। उन्हें निगम की आधुनिक मल्टी में शिफ्ट किया जाएगा। आयुक्त ने रहवासियों से कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर विस्थापितों को दो विकल्प दिए जा रहे हैं। चौड़ीकरण से पूूरी तरह प्रभावित भवन मालिकों को नगर निगम की मल्टी में नया भवन आवंटित किया जाएगा। यदि कोई भवन मालिक मुआवजे राशि लेना चाहता है तो उसे नियमानुसार मुआवजा देंगे। हितग्राही सुविधा अनुसार कोई एक विकल्प चुन सकते हैं।
रेलवे स्टेशन से इंदौर रोड को जोडऩे के लिए महत्वपूर्ण है रोड के टीएम शोरूम से नीलगंगा तक चौड़ी हो रही यह सडक़ ट्रैफिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह माधवनगर रेलवे स्टेशन को सीधे इंदौररोड से जोड़ देगी। इसके तैयार होने से तीन बत्ती चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा।
सामान शिफ्टिंग में भी मिलेगी मदद: रहवासी लीला बाई दायमा ने बताया कि मकान शिफ्टिंग भी परेशानी है। ऐसे में आयुक्त ने कहा कि निगम केवल मकान ही नहीं देगा, बल्कि प्रभावितों के घरेलू सामान को मल्टी तक शिफ्ट करने में भी सहायता करेगा। आयुक्त ने कहा मल्टी में पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधा उपलब्ध हैं। किसी भी परिवार को नए स्थान पर बसने में कोई परेशानी न हो।









