पुलिस पर पथराव में शामिल तीनों आरोपियों को जेल भेजा

उज्जैन। महिदपुर रोड क्षेत्र में शुक्रवार को दो बाइकों की टक्कर के बाद विवाद में हुए पथराव में टीआई सहित 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज करते हुए तीन को गिरफ्तार किया था जिन्हें शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

दरअसल, शुक्रवार को गोगापुर क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसे लेकर विवाद हो गया था। सूचना पर डायल 112 टीम पहुंची। ग्राम शिकारीखेड़ा के बंजारा समाज के लोग महिदपुर रोड थाने के पास इक_ा हो गए और हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख टीआई रामसिंह भाबोर, एएसआई सुरेशचंद्र सोनगरा, प्रधान आरक्षक समरथलाल और आरक्षक मदन पग्गी सहित एक अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो वह हिंसक हो गई और पथराव शुरू कर दिया। इसमें टीआई भाबोर और एएसआई सोनगरा, प्रधान आरक्षक समरथलाल और आरक्षक मदन पग्गी भी घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने रतन बंजारा, भारत बंजारा, सरदार बंजारा, तूफान बंजारा, हाकम बंजारा, वकील बंजारा, गीताबाई बंजारा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपी नारायण पिता बालूजी (49), तूफानसिंह पिता बालूजी (28) और गीताबाई पति बालूजी (58) तीनों निवासी ग्राम शिकारीखेड़ी को गिरफ्तार किया था। शनिवार को तीनों को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़े …………………….
बालिका को ढूंढ निकाला, एक हिरासत में
उज्जैन। नागझिरी पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग बालिका को ढूंढ निकालते उसे परिजनों के सुपुर्द किया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, 1 अप्रैल को फरियादी ने नागझिरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी को अज्ञात बदमाश बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। बच्ची की ढूंढ निकालने के लिए विशेष टीम बनाई गई और तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। लगातार प्रयास के चलते शुक्रवार को पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सुरक्षित ढूंढ निकाला और मामले में संदेही आरोपी आशीष पिता विजय मालवीय निवासी कल्पतरू एक्सटेंशन को हिरासत में लिया है। बालिका का चैकअप करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। संदेही से पूछताछ जारी है एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
4 साल के पीयूष को परिजनों से मिलवाया – इधर, नागदा से गुम 4 वर्षीय बालक को कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से 1 घंटे में ढूंढकर परिजनों से मिलवाया गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को 4 वर्षीय पीयूष पिता पवन प्रजापत निवासी इंदिरा नगर कॉलोनी, रंगोली गार्डन के पास में अकेला घूमता हुआ मिला। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बालक को संरक्षण में लेते हुए नागदा थाने पर लाए। इसके बाद कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से बालक की जानकारी स्थानीय वॉट्सएप ग्रुप व अन्य माध्यम से प्रसारित की गई। करीब १ घंटे में पीयूष के पिता पवन प्रजापत थाने पहुंच गए जहां तस्दीक के बाद बालक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की तत्परता से महज १ घंटे में परिजन मिल गए।









