1.20 करोड़ के हेलीपेड विश्राम गृह का मुख्यमंत्री डॉ. यादव किया लोकार्पण

उज्जैन को ग्रीन सिटी बनाने में उपयोगी 2.25 करोड़ की इलेक्ट्रिक मशीनें नगर निगम को सौंपी

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सिंहस्थ तैयारियों के अंतर्गत विकास कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपेड पर 1.20 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित विश्राम गृह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने संकल्प दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने वाले आगामी सिंहस्थ में दुनिया सनातन धर्म के अद्भुत वैभव की साक्षी बनेगी।
नगर निगम मद से निर्मित इस विश्राम गृह का उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान आने वाले विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए उच्च स्तरीय बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराना है। नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव द्वारा निगम मद से 85 लाख रुपये भवन निर्माण और 35 लाख रुपये सौंदर्यीकरण व रास्तों के लिए स्वीकृत किए गए थे। भवन में ऑफिस कक्ष, आमजन के लिए हॉल, पायलट कक्ष और वातानुकूलित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
ग्रीन एंड क्लीन सिंहस्थ के लिए इलेक्ट्रिक मशीनें
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने उज्जैन नगर निगम को 2.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 3 इलेक्ट्रिक व्हील लोडर मशीनों (820टीई) की चाबी प्रदान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन में स्वच्छता एक बड़ी चुनौती है।
आधुनिक और शून्य उत्सर्जन वाली ये मशीनें उज्जैन को प्रदूषण मुक्त रखने में मील का पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों और आधुनिक कचरा प्रबंधन के जरिए मध्य प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का मॉडल बना रही है। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मशीनों की खासियत
यह मशीनें लियूगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सीएसआर पहल के तहत दी गई हैं। पूरी तरह बैटरी संचालित होने के कारण ये शून्य उत्सर्जन और नगण्य शोर के साथ कार्य करती हैं। इसके स्वीपिंग अटैचमेंट की मदद से सड़कों की सफाई तेजी से और प्रभावी ढंग से हो सकेगी।









