Advertisement

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति खोलेगी अस्पताल-स्कूल-कॉलेज, पांच न्यास बनाएंगे

299 करोड़ रुपए का बजट पास, यात्रियों की सुविधा के लिए लगेंगे महाकाल महालोक में 11 करोड़ रुपए के शेड

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अब तक श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा की व्यवस्था करनेवाली श्री महाकालेश्वर मंदिर की प्रबंध समिति समाजसेवा की तरफ भी अपने कदम बढ़ाएगी। प्रबंध समिति शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्कूल कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए अस्पताल भी खोलेगी। इनकी तैयारियों के क्रम में पांच न्यास गठित करने का फैसला प्रबंध समिति ने किया है। यह न्यास पांच अलग-अलग गतिविधियों को संचालित करेंगे। समिति ने सोमवार को 299 करोड़ रुपए का बजट भी पारित किया। इसमें से 11 करोड़ रु. महाकाल महालोक में श्रद्धालुओं को छाया के लिए शेड बनाने पर खर्च किए जाएंगे।

दरअसल अब तक प्रबंध समिति श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर ज्यादा फोकस करती रही है। लेकिन अब इसे सामाजिक दायित्व से भी जोड़ा जा रहा है। श्री महाकाल महालोक कंट्रोल रूम स्थित मीटिंग हॉल में अध्यक्ष कलेक्टर रौशनकुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में कई फैसले लिए गए। समिति ने 2026-27 के लिए 29,974.37 लाख रुपए(लगभग 300 करोड़) का बजट पारित किया है।

Advertisement

बैठक में एसपी प्रदीप शर्मा, महंत विनीत गिरी महाराज, मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, निगम आयुक्तक्त अभिलाष मिश्रा, एडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर, संस्कृत कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सीमा शर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर

Advertisement

श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए महाकाल महालोक में 11 करोड़ रुपए की लागत से फैब्रिकेशन शेड लगेंगे।

भीड़ प्रबंधन को बेहतर करने के लिए 2.59 करोड़ की लागत से 1000 नए बैरिकेड्स और लगभग 60 लाख कीमत सेी स्टेनलेस स्टील बैरिकेड्स बनवाए जाएंगे।

मंदिर कर्मचारियों को वेतन महंगाई भत्ते के साथ दिया जाएगा।

मंदिर में होने वाले सांध्य और शयन आरती के प्रचार के लिए डिजिटल कैंपेन चलाया जाएगा। इसमें दोनों आरतियों का आध्यात्मिक महत्व बताया जाएगा।

मंदिर की गतिविधियों को जनोन्मुखी बनाने के लिए पांच न्यास (ट्रस्ट) बनाए जाएंगे। यह पांच अलग-अलग तरह की गतिविधियों को संचालन करेंगे। यह अन्नक्षेत्र, भक्त निवास, परमार्थिक गतिविधि, शैक्षाणिक और चिकित्सा संबंधी होंगे। फिलहाल अन्नक्षेत्र और परमार्थिक गतिविधि चल रही हैं।

हाईटेक एंट्री- अब कतारों में उलझने से बचाने के लिए क्यूआर-आधारित फ्लैप बैरियर्स से स्मूथ प्रवेश देने की तैयारी।

 स्मार्ट अन्नक्षेत्र- घर बैठे वेबसाइट से भोजन प्रसादी और अन्नदान की बुकिंग सुविधा।

एकीकृत कंट्रोल रूम- मंदिर और महालोक कंट्रोल रूम अब एक होंगे। अत्याधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम से पैनी नजर रखने की तैयारी।

दान व्यवस्था- सिंहस्थ के लिए 80 नई स्टील दानपेटियां बनाई जाएंगी ताकि सुगम दान प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।

हमारा ध्यान श्रद्धालुओं के सुविधा पर
श्रद्धालुओं को वल्र्ड क्लास सुविधा देने की व्यवस्था की जा रही है। गर्मी-बरसात से बचाने के लिए शेड लगाए जाएंगे। क्राउड कंट्रोल करने के लिए मजबूत बैरिकेड खरीदे जाएंगे।
प्रथम कौशिक, प्रशासक
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति

क्या करेंगे ट्रस्ट

भक्त निवास- हरिफाटक बायपास पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की जमीन (यूनिटी मॉल के सामने) है। इस पर 2 हजार कमरों की आवासीय परिसर बनाने की योजना है। जमीन का समतलीकरण और बाउंड्रीवाल बन गई है। कमरे बनने हैं। ट्रस्ट कमरे बनाने के लिए दानदाताओं की तलाश करेगा।

 शैक्षाणिक ट्रस्ट- मंदिर प्रबंध समिति देश के अन्य बड़े मंदिरों की तरह शैक्षाणिक गतिविधि भी संचालित करना चाहती है। फिलहाल समिति के माध्यम से वैदिक शिक्षा दी जा रही है। इसे अब स्कूल-कॉलेज के स्तर पर ले जाना है। ट्रस्ट बनने से दानदाताओं की मदद से स्कूल-कॉलेज संचालित किए जा सकेंगे।

चिकित्सा सेवा- मंदिर प्रबंध समिति कांची काम कोटि पीठ और श्री मां वैष्णोदेवी ट्रस्ट की तरह चिकित्सा सेवा भी शुरू करना चाहती है। इसमें उज्जैन में विश्व स्तरीय कैंसर अस्पताल खोलने की योजना है। इस संबंध में पिछले दिनों ही संभागायुक्त आशीषसिंह और कलेक्टर रौशनकुमार सिंह देश के जाने-माने कैंसर विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेंढारकर और उनकी टीम के साथ विचार-विमर्श किया था। चिकित्सा ट्रस्ट गठित करना उसी दिशा में बढऩे का प्रयास है।

दानदाताओं के सहयोग से स्कूल-कॉलेज और अस्पताल खोलेंगे: मंदिर प्रबंध समिति सेवा का दायरा बढ़ाने पर विचार कर रही है। अन्य बड़े मंदिरों की तरह दानदाताओं के सहयोग से स्कूल-कॉलेज और अस्पताल खोलने की योजना है। इसके लिए पांच ट्रस्ट बनाए जा रहे हैं। यह दानदाताओं के सहयोग से गतिविधि संचालित करेंगे।
रौशन कुमार सिंह, अध्यक्ष
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें