25 सदस्यीय कार्यकारिणी में 33 फीसदी महिला चुनी जाएंगी, पांच इलेक्ट होंगी और २ का मनोनयन होगा

राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव की वोटिंग शुरू, दोपहर 12 बजे तक 25 फीसदी मतदान
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राज्य अधिवक्ता परिषद के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव की वोटिंग मंगलवार को उज्जैन में भी शुरू हो गई है। 23 पदों के लिए मैदान में उतरे 121 प्रत्याशियों में उज्जैन के चार प्रत्याशी भी दम भर रहे हैं। 25 सदस्यीय कार्यकारिणी में 33 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इनमें से 5 इलेक्शन के जरिये चुनी जाएंगी, जबकि दो का मनोनयन होगा। इसलिए वोट सिर्फ 23 पदों के लिए डाले जाएंगे।
बड़े शहरों के अभिभाषकों के दबदबे वाली राज्य अधिवक्ता परिषद में जगह बनाने के लिए मंडल अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी, अतुल रैना और अभिभाषक संदीप मेहता व आशीष उपाध्याय ने पूरा जोर लगाया है। चतुर्वेदी वरिष्ठता और व्यवहार से जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि मेहता और उपाध्याय पिता की विरासत के सहारे आगे बढ़ रहे हैं। रैना को अपने व्यवहार और संपर्क पर भरोसा है। न्यूनतम 3780 वोट की अनिवार्यता की सीमा तक पहुंचना यूं तो छोटे शहरों के उम्मीदवारों के लिए आसान नहीं है लेकिन चारों उम्मीदवारों ने पूरी ताकत लगाई है।
स्पेशल जज करवा रहे वोटिंग
निष्पक्ष मतदान स्पेशल जज एपीएस चौहान की अगुवाई में जारी है। मंडल अभिभाषक संघ सभागृह और कैंटीन में चार बूथ बनाए गए हैं। चौहान की सहायता जज अनुराग शर्मा, राघवेंद्र पटेल, राकेश कुमार जोशी और यश शर्मा कर रहे हैं। मंडल अभिभाषक संघ उज्जैन के अध्यक्ष ओम सारवान ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 25 फीसदी वोट डल चुके थे। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा।









