ईरान होर्मुज के लिए नया ट्रैफिक सिस्टम लाएगा

खास सर्विस के लिए टैक्स लगेगा; यूएई और ओमान पर हमले की धमकी
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के चेयरमैन इब्राहिम अजीजी ने कहा है कि उनका देश जल्द ही होर्मुज में जहाजों की आवाजाही के लिए नया सिस्टम शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था ईरान की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की सुरक्षा को ध्यान में रख तैयार की गई है।
इब्राहिम अजीजी के मुताबिक, इस नए सिस्टम में सिर्फ वही कारोबारी जहाज और देश फायदा उठा सकेंगे जो ईरान के साथ सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस व्यवस्था के तहत दी जाने वाली खास सेवाओं के लिए टैक्स लिया जाएगा। वहीं ईरानी सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहम्मद मोखबर ने कुवैत और यूएई को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान ने अब तक संयम बरता है, लेकिन यह हमेशा नहीं चलेगा। मोखबर ने कहा कि इन देशों ने अपने इलाके ईरान के दुश्मनों को दे दिए हैं। ईरान ने दोस्त और भाई माना, लेकिन अब उन्होंने अपनी आजादी तक बेच दी।
होर्मुज स्ट्रेट में शिपिंग रोकना मंजूर नहीं: भारत
भारत ने होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल शिपिंग रोकने और नौवहन में बाधा डालने को अस्वीकार्य बताया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों का पूरी तरह सम्मान होना चाहिए। हरीश ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद की विशेष बैठक में भारत का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वेस्ट एशिया संघर्ष के कारण ऊर्जा और उर्वरक संकट गहरा रहा है।









