Popup Image
Advertisement

राजस्थान की शानदार जीत, लखनऊ को हराकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंची टीम

राजस्थान रॉयल्स ने मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ की दौड़ में अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं। 221 रनों के बड़े लक्ष्य को राजस्थान ने 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी और ध्रुव जुरेल की समझदार पारी ने मिलकर यह काम कर दिखाया।

Advertisement

अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

इस नतीजे ने पॉइंट्स टेबल को हिलाकर रख दिया है। तीन टीमें पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं और चौथे स्थान के लिए राजस्थान, पंजाब, चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। राजस्थान 13 मैचों में सात जीत के साथ 14 अंक लेकर चौथे स्थान पर आ गई है जबकि पंजाब 13 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर खिसक गई है।

वैभव का अर्धशतक और यशस्वी का योगदान

लक्ष्य का पीछा करने उतरे यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही लखनऊ के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। यशस्वी ने 23 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए लेकिन आकाश सिंह ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। इसके बाद वैभव ने और भी आक्रामक अंदाज अपनाया और 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। जुरेल के साथ मिलकर उन्होंने मयंक यादव के एक ओवर में 29 रन लूट लिए। जुरेल और वैभव ने दूसरे विकेट के लिए महज 45 गेंदों में 105 रनों की धमाकेदार साझेदारी की।

Advertisement

93 पर रुकी वैभव की पारी

वैभव शतक के बेहद करीब थे लेकिन मोहसिन खान की गेंद पर अब्दुल समद को कैच दे बैठे। उन्होंने 38 गेंदों पर सात चौके और दस छक्कों की मदद से 93 रन की लाजवाब पारी खेली। गौरतलब है कि मोहसिन ने उन्हें एक जीवनदान भी दिया था।

जुरेल ने संभाली बागडोर

वैभव के जाने के बाद लुहान ड्रि प्रिटोरियस रन आउट हो गए लेकिन जुरेल ने एक छोर पर डटे रहकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने वाले जुरेल इस सीजन का यह उनका पांचवां फिफ्टी था। वे 38 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद रहे। डोनोवान फरेरा ने भी 10 गेंदों में 16 रन की उपयोगी पारी खेली।

Advertisement

वैभव ने बनाया नया रिकॉर्ड

इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। वे आईपीएल के एक सीजन में 50 से अधिक छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। अब तक वे इस सीजन में 53 छक्के जड़ चुके हैं और 2019 में आंद्रे रसेल के 52 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस सूची में अभी भी क्रिस गेल सबसे आगे हैं जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे।

मार्श और इंग्लिस ने दी लखनऊ को उड़ान

इससे पहले राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। लखनऊ के ओपनर मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने राजस्थान के गेंदबाजों को पावरप्ले में एक भी सफलता नहीं दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 50 गेंदों में 109 रन जोड़े। इंग्लिस 29 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों के साथ 60 रन बनाकर यश राज पुंजा का शिकार हुए।

मार्श 96 पर अटके

इंग्लिस के जाने के बाद भी मार्श की रफ्तार कम नहीं हुई। एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से उनका छक्का इस पारी का सबसे यादगार शॉट रहा। उन्होंने ऋषभ पंत के साथ अर्धशतकीय साझेदारी भी की लेकिन पंत 23 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मार्श इस सीजन में तीसरी बार 90 से ऊपर पहुंचे लेकिन आखिरी ओवर में तेज रन बनाने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 57 गेंदों पर 11 चौकों और पांच छक्कों के साथ 96 रन की दमदार पारी खेली। राजस्थान की तरफ से यश राज पुंजा ने दो और जोफ्रा आर्चर ने एक विकेट लिया।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें