नीलकंठ द्वार पर ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, जाम लगाने वाले वाहन जब्त

महाकाल दर्शन के लिए आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए चलाया अभियान

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। शहर में बढ़ते वाहनों के चलते यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। इसके चलते आए दिन कई क्षेत्रों में जाम लगते हैं। सबसे ज्यादा खराब स्थिति श्री महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र की है जहां देशभर से दर्शनार्थी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं। इससे वाहन की रेलमपेल मच जाती है और जाम लगता है।
मंगलवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की टीम सूबेदार इंद्रपाल सिंह राजपूत के नेतृत्व में बेगमबाग के समीप नीलकंठ द्वार पर अचानक पहुंची और यहां सवारियों को बैठाने के चक्कर में जाम लगाने वाली ऑटो, ई-रिक्शा और प्राइवेट पासिंग वाहनों की चैकिंग की। ९ वाहनों पर कार्रवाई की। निरीक्षण का उद्देश्य भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले यात्रियों को सरल और सुलभ यातायात उपलब्ध करवाना था ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सूबेदार इंद्रपाल सिंह ने बताया कि इस तरह की सरप्राइज चैकिंग आगे भी चलती रहेगी।
अक्सर लगता है जाम: दरअसल, महाकाल क्षेत्र सबसे व्यस्ततम क्षेत्र है। जहां देशभर से दर्शन करने के लिए श्रद्धालु आते हैं। इसके चलते वाहनों गुत्थमगुत्था होते हैं और जाम लग जाता है। इस तरह की स्थिति अमूमन रोज बनती है। ऐसे में बाहर से आने वाले यात्रियों के साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इधर, नंबर प्लेट पर लिखा था ‘अंकित’, पुलिस ने काटा चालान
इधर, यातायात नियम तोडऩे वाले वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी तरह पुलिस ने सोमवार को जूना सोमवारिया में स्कॉर्पियो का ५०० रुपए का चालान काट दिया। यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि स्कॉर्पियो की आगे की प्लेट पर नंबर की जगह ‘अंकित’ लिखा हुआ था जिस पर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन को रोका और उस पर कार्रवाई करते हुए ५०० रुपए का चालान काटा। साथ ही वाहन मालिक को नाम हटाकर नंबर लिखने के निर्देश दिए।









