AI से फैली फोन ब्लास्ट की अफवाह! कंपनी के MD ने एक जवाब में खोल दी पूरी पोल

एआई टूल्स की इस दुनिया में जहां एक तरफ लोगों को जबरदस्त फायदा हो रहा है वहीं कुछ लोग इसका नाजायज इस्तेमाल करके दूसरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी कर रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला हाल ही में सामने आया जिसमें एक शख्स ने फ्री एआई टूल की मदद से एक स्मार्टफोन कंपनी को बदनाम करने और उससे पैसे ऐंठने की कोशिश की। लेकिन टेक विशेषज्ञों की पारखी नजर से वह बच नहीं सका और उसकी चाल धरी की धरी रह गई।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा खेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हुआ जहां कंपनियां ग्राहकों की शिकायतों के लिए हमेशा सतर्क रहती हैं। हैरी नाम के एक यूजर ने एक्स पर पोस्ट करके दावा किया कि उसका नया Lava स्मार्टफोन ब्लास्ट होकर जल गया है। उसने अपनी बात को सच साबित करने के लिए फोन के परखच्चे उड़ने की एक तस्वीर भी पोस्ट के साथ लगाई। इतना ही नहीं उसने ग्राहक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए और अमेजन को भी निशाने पर लिया। उसका दावा था कि पिकअप पार्टनर ने जला हुआ फोन देखने के बाद भी रिफंड या रिप्लेसमेंट देने से साफ इनकार कर दिया।
कंपनी के MD ने दिया करारा जवाब
पोस्ट जैसे ही वायरल हुई लोगों ने Lava कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील रैना को टैग करना शुरू कर दिया। इसके बाद जो जवाब आया वह काबिल-ए-तारीफ था। सुनील रैना ने लिखा कि उनकी टीम ने यूजर से संपर्क कर जांच के लिए डिवाइस मांगा था लेकिन उसने यह कहकर देने से मना कर दिया कि फोन फिलहाल उसके पास नहीं है। कंपनी ने एक बार फिर अनुरोध किया कि फोन उन्हें सौंपा जाए ताकि आगे की जांच हो सके।
टेक एक्सपर्ट्स ने ऐसे पकड़ी चोरी
MD का जवाब आते ही टेक एक्सपर्ट्स और आम यूजर्स का माथा ठनका। सबके मन में एक ही सवाल था — अगर फोन सच में जला है तो यूजर उसे कंपनी को क्यों नहीं दे रहा? इसके बाद जब तस्वीर की बारीकी से पड़ताल हुई तो पूरा सच सामने आ गया। जांच में पता चला कि यह तस्वीर असली नहीं बल्कि गूगल जेमिनी जैसे एआई टूल से बनाई गई फर्जी इमेज है। इसके अलावा तस्वीर में दिख रहे जले फोन के पीछे चार कैमरे थे जो Lava के किसी भी मॉडल से मेल नहीं खाते। सबसे बड़ी पोल यह खुली कि फोन बाहर से जलकर खाक दिख रहा था लेकिन उसके अंदर के पुर्जे एकदम सही-सलामत नजर आ रहे थे जो असल जिंदगी में बिल्कुल नामुमकिन है।
लोगों की क्या रही प्रतिक्रियाएं?
सच्चाई सामने आते ही सोशल मीडिया पर हैरी की जमकर क्लास लगी। यूजर्स ने उसे फर्जी तस्वीर बनाने के लिए खूब खरी-खोटी सुनाई। कई लोगों ने Lava को सलाह दी कि कंपनी की ब्रांड इमेज खराब करने की इस कोशिश के लिए उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कुछ यूजर्स का यह भी मानना था कि यह किसी प्रतिद्वंद्वी ब्रांड की सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। फिलहाल चोरी पकड़े जाने के बाद हैरी की तरफ से कोई नया जवाब सामने नहीं आया है। इस पूरे घटनाक्रम से एक बात साफ हो जाती है कि इंटरनेट पर दिखने वाली हर चीज सच नहीं होती और AI के इस दौर में किसी भी तस्वीर या खबर पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।









