उज्जैन में पति ने पत्नी को सल्फास देकर हत्या की, 8 साल से चल रहा था विवाद; तीन गिरफ्तार

उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम बरथून में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। आरोप है कि महिला को उसके पति ने जबरन सल्फास की गोली खिलाकर मार डाला। पुलिस ने इस मामले में पति के साथ-साथ सास और ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 2 जून को ग्राम बरथून निवासी प्रिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों ने उसे पहले नागदा के जनसेवा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे उज्जैन रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दंडाधिकारी के समक्ष दिए गए धारा 164 के बयान में प्रिया ने अपने पति बालकदास बैरागी पर मारपीट करने और जबरन सल्फास खिलाने का गंभीर आरोप लगाया था।
5 जून को उपचार के दौरान प्रिया की मौत हो गई। इसके बाद भाटपचलाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मायके पक्ष ने भी अपने बयानों में पति, सास और ससुर पर लंबे समय से प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए।
पुलिस ने मृतका के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों—पति बालकदास बैरागी, सास राजूबाई और ससुर प्रहलाददास—को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब 8 वर्षों से विवाद चल रहा था। दोनों के रिश्तों में कई बार तनाव बढ़ा, अलगाव और तलाक तक की स्थिति बनी, लेकिन बाद में दोनों फिर साथ रहने लगे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।









