सिर्फ फल नहीं, आम का पूरा पेड़ है गुणों का खजाना! पत्तियों से बीज तक हैं कई फायदे

गर्मी का पसंदीदा फल आम केवल अपने बेमिसाल स्वाद के लिए ही नहीं बल्कि अपने औषधीय गुणों के लिए भी जाना जाता है। आयुर्वेद के अनुसार इसके फल, पत्तियां, छाल और बीज शरीर की कई समस्याओं में लाभकारी हो सकते हैं। ग्रामीण इलाकों में आज भी आम के पेड़ को देसी संजीवनी माना जाता है क्योंकि इसका हर हिस्सा किसी न किसी बीमारी में असरदार साबित होता है।

कच्चे आम का पन्ना — लू और डिहाइड्रेशन का रामबाण
गर्मी के मौसम में कच्चे आम का पन्ना शरीर को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने में बेहद फायदेमंद है। इसका प्रयोग सदियों से होता आ रहा है। इसके अलावा यह पाचन शक्ति बढ़ाने और शरीर की इम्युनिटी मजबूत करने में भी सहायक है। आम में विटामिन-ए, विटामिन-सी, फाइबर, आयरन और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं।
आम की पत्तियां — ब्लड शुगर से लेकर बालों तक काम आती हैं
आयुर्वेदाचार्य डॉ. प्रियंका सिंह के अनुसार आम की पत्तियां भी स्वास्थ्य के लिए बेहद गुणकारी हैं। रातभर पानी में भिगोई गई पत्तियों का सेवन करने से ब्लड शुगर नियंत्रित हो सकता है। इनका काढ़ा अस्थमा, खांसी और ब्लड प्रेशर की समस्या में राहत देता है। कई लोग बालों की चमक बढ़ाने और त्वचा के संक्रमण दूर करने के लिए भी आम की पत्तियों का उपयोग करते हैं। आंख के ऊपरी हिस्से पर हुई फुंसी पर ताजी पत्तियों को कम से कम सात बार टच कराने से राहत मिलती है।
आम के बीज और छाल — त्वचा और पेट दोनों के लिए उपयोगी
आम के बीज का चूर्ण लूज मोशन और पेट की समस्याओं में बड़ा काम करता है। बीज का लेप लगाने से त्वचा के पिंपल्स की समस्या दूर होती है। आम की छाल का काढ़ा फोड़े-फुंसी, घमौरियां और सूजन कम करने में बेहद फायदेमंद माना जाता है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
डॉ. प्रियंका सिंह ने स्पष्ट किया है कि आम का सेवन हमेशा सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। पके आम के साथ दूध का सेवन नहीं करना चाहिए। सबसे जरूरी बात यह है कि किसी भी गंभीर या पुरानी बीमारी अथवा एलर्जी होने पर आयुर्वेदिक चिकित्सक की सलाह लिए बिना इसका औषधीय उपयोग बिल्कुल न करें।









