रेलवे स्टेशन पर चाकूबाजी मेें घायल युवक की 4 दिन बाद मौत, केस दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में 14 जून की रात आपसी विवाद में चाकूबाजी के शिकार हुए शाजापुर निवासी युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसका इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा था।

शाजापुर निवासी दीपक पिता इंदरसिंह (हाल मुकाम अंबर कॉलोनी गदा पुलिया) पर नीलगंगा क्षेत्र के रहने वाले कबीर और राजेश ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अंधाधुंध चाकू से हमला कर दिया था।
बदमाशों ने उसके पेट और पीठ पर चाकू के तीन गहरे वार किए थे। जान बचाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की ओर भागे दीपक को आरपीएफ के जवानों ने बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया था। गंभीर हालत के कारण उसे चरक अस्पताल से इंदौर एमवाय अस्पताल भेजा गया था। बुधवार को उसकी मौत हो गई।
जीआरपी के मुताबिक दीपक, आरोपी कबीर और राजेश दोस्त हैं और स्टेशन व आसपास के क्षेत्रों मजदूरी का काम करते थे। 6 जून को भी इन तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, तब कबीर ने दीपक पर रुपये छीनने का आरोप लगाया था। इसी रंजिश के चलते 14 जून की रात को एक बार फिर इनका आमना-सामना हुआ और विवाद इतना बढ़ा कि कबीर और राजेश ने चाकू निकालकर दीपक पर जानलेवा हमला कर दिया।









