शाही मस्जिद का मसला हल, तुड़ाई का काम मुस्लिम समुदाय ने किया शुरू
प्रशासन-शहर काजी की अपील अफवाहों पर ध्यान नहीं दें...

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। कंठाल चौराहा-छत्रीचौक चौड़ीकरण में रोड के दायरे में आ रही शाही मस्जिद का हल रविवार रात हुई मीटिंग में निकल आया। इसके बाद मस्जिद की तुड़ाई का काम मुस्लिम समुदाय ने शुरू कर दिया। हालांकि इस बीच कतिपय लोग सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाते रहे। इसका खंडन कलेक्टर, एसपी और शहरकाजी ने वीडियो संदेश के जरिये किया। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय से मस्जिद का हिस्सा हटाया जा रहा है। शहर में सबकुछ सामान्य है। अफवाहों पर ध्यान नहीं दें।
बेवजह घर से नहीं निकलें
शहर काजी खलीर्कुरहमान ने वीडियो संदेश जारी कर समुदाय को संदेश भेजा। उन्होंने कहा कि बेवजह बाजार में एकत्र ना हों। मस्जिद का मसला रात को हल हो गया है। ऐसी कोई बात नहीं है, जिसकी वजह से हम मस्जिद पर जाएं। जो कमिटमेंट हुआ है, उस पर काम चल रहा है। अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। घरों से बाहर नहीं निकले।
अफवाह पर ध्यान नहीं दें
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कहा कि सिंहस्थ व्यवस्था के तहत सडक़ों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इस काम में सभी सहयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में छत्रीचौक पर मस्जिद हटाने का काम चल रहा है। मेरा आप सभी से निवेदन हैं कि किसी तरह की अफवाह में नहीं आएं। शांति व्यवस्था बनाए रखें।
सभी सहयोग कर रहे हैं
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि सिंहस्थ व्यवस्था के तहत सडक़ चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसमें सभी लोग सहयोग दे रहे हैं। शाही मस्जिद कमेटी भी अपना योगदान दे रही है। कतिपय लोगों ने विरोध किया था, इन लोगों को टीयर्स गैस और हल्का लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया है। कुछ लोग मामूली घायल हुए हैं।









