राजाधिराज की राह रोकेंगी निर्माणाधीन सडक़ें

सवारी मार्ग कई जगह खुदा-अधिकारी दिन-रात दौड़ रहे, बावजूद बारिश फेर सकती है मेहनत पर पानी

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। इस बार सिंहस्थ की तैयारियों के बीच भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी निकालना जिम्मेदारों के लिए चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के रूप में सामने आ रहा है। अधिकारियों के चेहरे पर शिकन साफ दिख रही है। वे दिनरात दौड़-भाग कर सावन शुरू होने के पहले काम पूरा करना चाहते हैं।
लेकिन कहते हैं कि विघ्वंश तुरंत हो जाता है लेकिन सृजन में वक्त लगता है। उसी तरह निर्माण कार्यों में भी वक्त लग रहा है। सावन शुरू होने में ठीक ४२ दिन बाकी हैं। सवारी मार्ग का आधे से अधिक मार्ग खुदा पड़ा है। बारिश सिर पर है और सावन आने को तैयार है। चुनौती भरे ४२ दिन में प्रशासन को तमाम व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी है।
सवारी मार्ग में रामानुजकोट से रामघाट, दानी गेट, सत्यनारायण मंदिर चौराहा से लेकर ढाबा रोड, पानी की टंकी, छत्री चौक, गोपाल मंदिर आदि क्षेत्रों में सडक़ निर्माण कार्य चल रहा है। दोनों ओर से मकान टूटे हुए हैं। नाली, सडक़, ड्रेनेज, बिजली, पानी आदि सभी के काम अधूरे हैं। अगर राजसी सवारी के मार्ग को भी शामिल किया जाए तो इन मार्गों के अलावा तेलीवाड़ा, कंठाल, सतीगेट से छत्रीचौक का मार्ग भी आवागमन के लायक नहीं है।
इस पर भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी निकालना तो दूर की बात है। बारिश सिर पर है। प्री मानसून एक्टिविटी शुरू हो गई। उज्जैन के आसपास के इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। अधिकतम एक सप्ताह के बाद मानसून आने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। अगर एक-दो तेज बारिश हो गई तो अधिकतर साइट काम करने लायक नहीं रहेगी।
हालांकि संभाग आयुक्त डॉ. आशीष सिंह, कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा इस जिम्मेदारी को समझ रहे हैं और दिनरात साइट पर जाकर काम में तेजी के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है ग्राउंड लेबल का काम भी बारिश के पहले पूरा हो जाए तो बाकी काम तो बारिश के दौरान भी चलता रहेगा। कुल मिलाकर सावन के पहले काम पूरा करना चुनौती भरा है।
क्या कहते हैं लोग : गंदगी-कीचड़ से हो रहे परेशान
निर्माण कार्यों से परेशान हो गए हैं। लंबे समय से घर के सामने काम चल रहा है। घर के अंदर भी धूल, मिट्टी हो रही है। नाली का पानी सडक़ों पर बहने से रोज कीचड़ भी हो जाता है। गंदे पैर घरों में जाते हैं। अब बारिश शुरू होने वाली है। देखकर ऐसा नहीं लगता कि काम जल्दी पूरा हो पाएगा।- अभि गुप्ता, रहवासी ढाबा रोड
हमारी गेवी साहब के सामने दुकान है। मकान का फ्रंट टूट गया, पूरी दुकान अव्यवस्थित हो गई। हमने दुकान का फ्रंट तो करवा लिया है। अब रोड का काम पूरा हो तो ग्राहक आना शुरू हो सकें। काम धंधा पूरा चौपट है। सावन में भी रोड कैसे शुरू होगा कह नहीं सकते।-संजय रावल, व्यापारी
समय पर पूरा करेंगे काम
सावन के पहले भगवान महाकाल की सवारी वाले मार्ग का काम पूरा करने के प्रयास चल रहे हैं। हर हाल में पूरा करेंगे।– अभिलाष मिश्रा, नगर निगम आयुक्त









