फोन के अनयूज्ड एप्स बन सकते हैं प्राइवेसी के लिए खतरा

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि महीनों से इस्तेमाल न किए गए ऐप्स सिर्फ आपके फोन का कीमती स्टोरेज ही नहीं घेरते, बल्कि आपकी डिजिटल सुरक्षा के लिए एक बड़ा टाइम बम भी साबित हो सकते हैं। ये ऐप्स बैकग्राउंड में रहकर लगातार आपकी संवेदनशील जानकारियों पर नजर रखते हैं।
भले ही आपने किसी ऐप को महीनों से न खोला हो, लेकिन उसे इंस्टॉल करते वक्त दी गई कैमरा, माइक्रोफोन, कॉन्टैक्ट्स और लोकेशन जैसी बेहद निजी परमिशन चालू रहती हैं। अगर भविष्य में उस ऐप का डेटा हैक या लीक होता है, तो आपकी सारी पर्सनल लाइफ इंटरनेट पर सार्वजनिक हो सकती है।
बैटरी, इंटरनेट और फोन की परफॉर्मेंस का कबाड़ा
ये बेकार ऐप्स बंद होने के बावजूद बैकग्राउंड में लगातार एक्टिव रहते हैं। ये ऐप्स चुपके-चुपके इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल करते हैं, बेवजह के नोटिफिकेशन भेजते रहते हैं और खुद को ऑटो-अपडेट करते रहते हैं। इसका सीधा असर आपके फोन की प्रोसेसिंग स्पीड और बैटरी लाइफ पर पड़ता है।
आजकल के भारी-भरकम ऐप्स (500MB से 1GB तक) को डिलीट करने से न सिर्फ आपका फोन हैंग होना बंद हो जाएगा, बल्कि आपको ढेर सारा खाली स्पेस भी मिल जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से हर तीन महीने में एक बार अपने फोन की ऐप लिस्ट को खंगालकर उसकी साफ-सफाई जरूर करनी चाहिए।
डिलीट नहीं करना, तो आजमाएं ये दो जादुई फीचर्स
-
एंड्रॉयड यूजर्स के लिए: अगर आपको लगता है कि कोई ऐप भविष्य में दोबारा काम आ सकता है, तो उसे पूरी तरह हटाने के बजाय एंड्रॉयड के ‘ऐप आर्काइव’ (App Archive) फीचर का इस्तेमाल करें। इससे ऐप का साइज छोटा हो जाएगा और डेटा भी बचा रहेगा।
Advertisement -
आईफोन यूजर्स के लिए: ऐपल डिवाइस में इसके लिए ‘ऑफलोड ऐप’ (Offload App) का शानदार विकल्प मिलता है। यह फीचर ऐप को फोन से गायब कर देता है, लेकिन आपके जरूरी लॉगइन क्रेडेंशियल्स और डॉक्यूमेंट्स को सुरक्षित रखता है ताकि दोबारा डाउनलोड करने पर सब कुछ वैसा ही मिले।
सबसे बड़ी भूल: सिर्फ ऐप अनइंस्टॉल करने से नहीं बचेगी प्राइवेसी
ज्यादातर लोग किसी ऐप से पीछा छुड़ाने के लिए उसे सीधे स्क्रीन से डिलीट या अनइंस्टॉल कर देते हैं। एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हैं कि यह आपकी सबसे बड़ी भूल हो सकती है, क्योंकि ऐप हटाने के बाद भी आपका पूरा डेटा उस कंपनी के सर्वर पर सुरक्षित पड़ा रहता है।
सुरक्षा का सही नियम यह है कि किसी भी ऐप को हटाने से पहले उसके सेटिंग्स ऑप्शन में जाकर अपने अकाउंट को हमेशा के लिए डिलीट (Delete Account) करें। इसके बाद ऐप से लॉगआउट करके ही उसे अनइंस्टॉल करें, ताकि भविष्य में होने वाले किसी भी डेटा लीक से आप पूरी तरह सुरक्षित रहें।









