भोजशाला से 2 किमी दूर चालीस पीर परिसर में नमाज की अनुमति

मुस्लिम पक्ष नाराज, कहा- फैसले को सुप्रीम कोर्ट में देंगे चुनौती
धार। भोजशाला विवाद में सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद जिला प्रशासन ने जुमे की नमाज के लिए भोजशाला से करीब 2 किलोमीटर दूर मालीवाड़ा स्थित चालीस पीर परिसर तय कर दिया है। परिसर को समतल करने का काम भी शुरू हो गया है।
यहां हर शुक्रवार दोपहर 1 से 3 बजे तक नमाज की अनुमति रहेगी। हालांकि, मुस्लिम समाज ने इस व्यवस्था को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भावना के विपरीत बताते हुए इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। मुस्लिम समाज के सदर अब्दुल समद ने कहा कि जिस स्थल को लेकर विवाद चल रहा है, उससे 2 किलोमीटर दूर नमाज की व्यवस्था करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज चालीस पीर परिसर में नमाज नहीं पढ़ेगा और प्रशासन के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। सदर अब्दुल समद का आरोप है कि प्रतिनिधियों को करीब 3 घंटे तक बैठाए रखा गया और बाद में कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या करते हुए विवादित स्थल से दूर स्थान तय कर दिया गया।









