रिटायर बैंक कर्मचारी से 60 हजार की ऑनलाइन ठगी

फेसबुक पर क्रेडिट कार्ड का विज्ञापन देखकर लिंक तक पहुंचना पड़ा भारी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। साइबर ठगों ने रिटायर बैंक कर्मचारी के मोबाइल पर ईकेवायसी की लिंक भेजकर खाते से 60 हजार रुपए उड़ा दिये। ठगाये वृद्ध की रिपोर्ट पर माधव नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि सत्येन्द्र श्रीवास्तव पिता विष्णु स्वरूप श्रीवास्तव 68 वर्ष निवासी शिवाजी पार्क कालोनी रिटायर बैंक कर्मचारी हैं। वह फेसबुक चला रहे थे तभी उन्होंने रिटायर बैंक कर्मचारियों के लिए विशेष क्रेडिट कार्ड का विज्ञापन देखा और उसकी लिंक पर डिटेल चैक की। तभी उनके मोबाइल पर एक कॉल आया जिसमें व्यक्ति ने कहा कि मैं आईसीआईसीआई बैंक से बोल रहा हूं।
विशेष क्रेडिट कार्ड जारी करने के लिये आपकी ईकेवायसी करना है। उस व्यक्ति ने सत्येन्द्र श्रीवास्तव के मोबाइल पर एक लिंक भेजी जिसे खोलने के बाद फोटो आदि अपलोड किये। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर पहले 10 हजार और बाद में 50 हजार इस प्रकार कुल 60 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। उन्होंने 12 जुलाई को इसकी शिकायत साइबर सेल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर की।









