संसद के बाहर एनडीए और इंडिया ब्लॉक सांसदों का जमकर प्रदर्शन

लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही फिर स्थगित हुई
एनडी सांसदों ने पीएम आवास के बाहर राहुल के धरने का विरोध किया
इंडिया ब्लॉक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा
नईदिल्ली, एजेंसी। संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को संसद भवन परिसर में एनडीए और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इंडिया ब्लॉक के सांसदों के सामने एनडीए के सांसद भी विरोध प्रदर्शन में उतर गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एनडीए सांसदों ने पीएम आवास के बाहर 21 जुलाई को राहुल के धरने का विरोध कर रहे हैं। वहीं इंडिया ब्लॉक नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। संसद के भीतर भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। इसके कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर तक स्थगित कर दी गई। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने संसद परिसर में कहा कि कांग्रेस बैनर लेकर प्रदर्शन कर सदन का समय बर्बाद कर रही है और जिन मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, उनसे भाग रही है।
खडग़े बोले- शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, तभी चर्चा…
राज्यसभा में भी सुबह 11 बजे हंगामे के साथ कार्यवाही की शुरूआत हुई। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज जो बयान दिया है वह भड़काऊ है। शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, तभी हम चर्चा के लिए तैयार होंगे।









