Ajinkya Rahane ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का किया एलान

भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी।
इस दौरान वह काफी भावुक भी हो गए। उनका गला भर आया और वह रुआंसा थे। भारी आवाज में रहाणे ने बीसीसीआई, साथी क्रिकेटर, वाइफ और फैंस का शुक्रिया अदा किया।
वीडियो के साथ कैप्शन में रहाणे ने लिखा, ‘कैप 278 अब विदा ले रहा है। इतने सालों तक मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। हमेशा आभारी रहूंगा।’ रहाणे ने 31 अगस्त 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल (T20I) डेब्यू किया था।
रहाणे की कप्तानी बनी यादगार
रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लिखा गया। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के लौटने के बाद रहाणे ने कप्तानी संभाली।
मेलबर्न में शतक लगाकर उन्होंने भारत को जीत दिलाई और सीरीज 1-1 से बराबर की।रहाणे की कप्तानी में भारत ने गाबा में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से सीरीज हराई और उसका 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड तोड़ा।
6 टेस्ट में कप्तानी की और 4 जीते
रहाणे ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी की। टेस्ट क्रिकेट में रहाणे ने 6 मैचों में भारत की कप्तानी की। इनमें टीम ने 4 मुकाबले जीते, जबकि 2 टेस्ट ड्रॉ रहे।वनडे में उन्होंने 3 मैचों में टीम की कमान संभाली और भारत ने तीनों मुकाबले जीते। वहीं, टी-20 इंटरनेशनल में रहाणे ने 2 मैचों में कप्तानी की, जिसमें भारत को 1 जीत और 1 हार मिली।









