राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार पद से हटेंगे और जेल भी जाएंगे

नईदिल्ली, एजेंसी। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली की। इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राजद सहित इंडिया ब्लॉक के कई दलों के प्रमुख नेता शामिल हुए। विपक्षी नेताओं ने एसआईआर और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरा और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
करीब चार घंटे चली रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटेंगे और जेल जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी कर देश के नागरिकों के मताधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। राहुल ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी या नेता की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत फैलाने में विश्वास रखता है।









