पत्नी को 50 फीट नीचे फेंक दिया, जिंदा बची तो केन से मारा….

गले में 25 टांके लगे, मां को लहूलुहान देख रोता रहा मासूम
रीवा। पति ने पत्नी को पीटा और हत्या की नीयत से पुल से 50 फीट नीचे खाई में फेंक दिया। महिला के बचने पर आरोपी ने बीयर के केन से गले पर ताबड़तोड़ वार किए। उसके गले और शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। वारदात 31 जुलाई 2026 की शाम की है। सोहागी पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान महिला का तीन साल का बेटा भी मौके पर मौजूद था। मां को घायल देखकर बच्चा रोता रहा। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हुई। उसके शरीर पर करीब 25 टांके आए हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू के अनुसार, शंकरगढ़ निवासी पीडि़ता सान्या कोल ने 2022 में आरोपी पति सतीश दर्जी से प्रेम विवाह किया था। 2023 में दोनों के घर बेटे का जन्म हुआ। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गए।
2024 में अनबन के कारण महिला पति और बच्चे से अलग रहने लगी थी। हाल ही में पंजाब से लौटी महिला अपनी सहेली के घर रुकी थी।
प्रयागराज की जगह नैना नदी पुल पर ले गया
पति ने पत्नी को फोन कर कहा कि वह उसे इलाहाबाद (प्रयागराज) तक छोड़ देगा। भरोसा कर महिला उसके साथ जाने को तैयार हो गई। पति अपने दोस्त दीपक सिंह के साथ बाइक से महिला और बच्चे को लेकर निकला, लेकिन प्रयागराज जाने के बजाय सोहागी थाना क्षेत्र के नैना नदी पुल पर पहुंच गया। आरोपी का साथी पहले से मौजूद था। दोनों ने मिलकर महिला को पुल से नीचे धक्का दे दिया। महिला बच गई। इसके बाद आरोपी नीचे पहुंचा और बीयर के केन से उसके गले पर लगातार वार किए।









