यह कैसा सिस्टम : 2 माह पहले टूटी पाइपलाइन, नहीं सुधरी

लिंक फेल : ना पैसा निकल रहा ना जमा हो रहा
उज्जैन। सरकारी सिस्टम आमआदमी की समस्या को हल करने में कितना बेपरवाह रहता है यह दो खबरें उसका उदाहरण हैं। पहली में 2 महीने पहले एक ग्राहक की पाइपलाइन तोड़ दी गई, जो अब तक नहीं सुधरी है। एडवांस वाटर टैक्स देने के बावजूद वह पानी के लिए तरस रहे हैं। दूसरा मसला छत्रीचौक पोस्ट ऑफिस का है, जहां एक स्विच के कारण दो महीने से लेन-देन बंद है और ग्राहक ट्रांजेक्शन को लेकर परेशान हो रहे हैं।
पीएचई इंजीनियर फोन तक रिसीव नहीं कर रहे
पहला मामला वल्लभभाई पटेल मार्ग यानी खजूरवाली मस्जिद मार्ग पर रहने वाले सलीम आरिफ का है। मार्ग चौड़ीकरण के दौरान करीब 2 महीने पहले खुदाई करते समय जेसीबी ने उनका नल कनेक्शन तोड़ दिया था। उनके घर जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। उन्होंने पहले पीएचई अफसरों को शिकायत की, फिर जनसुनवाई में गए और फिर सीएम हेल्पलाइन पर। पर कहीं से भी कोई निदान नहीं हुआ। आरिफ एडवांस में जलकर भर चुके हैं। पीएचई के इंजीनियर शिवम दुबे को वह फोन लगाते हैं तो वह उठाते नहीं, वाट्स एप मैसेज का जवाब तक नहीं देते। आरिफ ऐसे में परेशान हो रहे है। इस संबंध में शिवम दुबे से उनके मोबाइल 9406801045 पर बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन बंद मिला।
एक स्विच के कारण ट्रांजेक्शन ठप
सिस्टम में खराबी की दूसरी शिकायत डाक विभाग की है। छत्री चौक स्थित पोस्ट ऑफिस में सिटी पोस्ट पेमेंट शुरू किया गया है। यहां पिछले दो महीने से लिंक फेल की समस्या आ रही है। महीने में 15-15 दिन तक लिंक फेल रहती है। ऐसे में ट्रांजेक्शन बिल्कुल नहीं हो पा रहा है। ग्राहक निलेश जैन कहते है कि नजदीकी को देखते हुए खाता खुलाया था, पर लिंक फेल रहती है। पिछले सात दिन से एक भी ट्रांजेक्शन नहीं कर पाया हूं। ना पैसा जमा हो रहा है ना निकल रहा है। अब बताइए कैसे काम करें।
पोस्ट मास्टर हरीश सोनी कहते हैं कि एक स्विच में खराबी की वजह से दिक्कत आ रही है। भोपाल कार्यालय से अनुमति मिल गई है। स्विच जल्दी ही बदल दिया जाएगा। ट्रांजेक्शन का इश्यू नहीं है। ग्राहक को देवासगेट पोस्ट ऑफिस में भुगतान और जमा करने की सुविधा दी गई है। आप ग्राहक का नंबर भेज दीजिए, मैं उनकी परेशानी हल करवाता हूं।










