भाजपा का आजादी महोत्सव : 12 मंडल और नगर में निकलेगी तिरंगा यात्रा, बैठकों का दौर जारी

14 अगस्त को निकलेगा मौन जुलूस
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अगस्त का महीना भाजपा के लिए उत्सव का पैगाम लेकर आया है। पार्टी आजादी महोत्सव मनाने जा रही है। इसके तहत नगर के 12 मंडल में अलग-अलग तारीखों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएंगी। 14 अगस्त को मौन जुलूस निकलेगा। उत्सव को अमलीजामा पहनाने के लिए मंडल स्तर पर बैठकों का दौर चल रहा है।
देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा अपने कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाने के लिए पूरे साल कार्यक्रम करती है। अगस्त महीने के शुरुआती 15 दिन पार्टी के लिए आजादी उत्सव की तैयारियों के होते हैं। इसके तहत ही नगर के 12 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही है। यह यात्राएं 9,10 और 11 अगस्त को मंडलों में निकाली जाएंगी।
एक दिन में चार मंडल में यात्रा निकालने का लक्ष्य रखा गया है। 13 अगस्त को नगर की तिरंगा यात्रा निकलेगी। सुबह 10 बजे शहीद पार्क से यात्रा शुरू होगी और टॉवरचौक, फ्रीगंज ओवरब्रिज, चामुंडा माता चौराहा, देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज होते हुए फव्वारा चौक पर पहुंचेगी। यहां तिरंगा फहराया जाएगा। 14 अगस्त को भाजपा विभाजन विभीषिका दिवस मनाएगी। इस दिन मौन जुलूस के माध्यम से विरोध जताया जाएगा।
सिंधी कॉलोनी बगीचे से शुरू होगा जुलूस
मौन जुलूस 14 अगस्त सुबह 10 बजे सिंधी कॉलोनी स्थित हेमू कालाणी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण से शुरू होगा। सिंधी कॉलोनी चौराहा, तीन बत्ती चौराहा, प्रियदर्शिनी चौराहा, टॉवरचौक, शहीद पार्क होते हुए यह लोकशक्ति भवन पहुंचेगा। यहा विभाजन विभीषिका दिवस पर उद्बोधन होंगे।
मंडल और नगर में मनेगा आजादी महोत्सव
मंडल और नगर में आजादी उत्सव मनाया जाएगा। इसके तहत तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। मंडल की यात्राएं 9,10 और 11 अगस्त को निकलेंगी। नगर की यात्रा 13 अगस्त को निकलेगी। 14 अगस्त को मौन जुलूस निकाला जाएगा।
संजय अग्रवाल,
नगर अध्यक्ष भाजपा









