तैयारी : 17 को नागपंचमी, सोमवार और महाकाल सवारी एकसाथ, तीनों की व्यवस्था में जुटा प्रशासन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में 17 अगस्त को नागपंचमी मनाई जाएगी। खास बात यह है कि इस वर्ष नागपंचमी और सावन का तीसरा सोमवार एक ही दिन होने से प्रशासन को इंतजाम तगड़े करने पड़ रहे हैं। क्योंकि इस दिन बाबा महाकाल की सवारी भी निकलेगी। ऐसे में श्रद्धालुओं के संख्या 10 लाख तक पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने मंगलवार को बैठक की और कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर निर्णय लिए।
श्री महाकाल महालोक के त्रिनेत्र मीटिंग कक्ष में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, महंत विनीत गिरि सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। जिसमें बताया गया कि श्री नागचंद्रेश्वर के पट 16 अगस्त की रात 12 बजे खुलेंगे और 17 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक अनवरत 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे।
परंपरा के अनुसार, भगवान श्री नागचंद्रेश्वर का प्रथम पूजन महंत पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा की ओर से 16 अगस्त की रात 11.30 से 12 बजे के बीच पट खुलने के समय किया जाएगा। इसके पश्चात, 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे शासकीय पूजन होगा तथा संध्या आरती के समय मंदिर के पुजारी एवं पुरोहितों द्वारा विशेष पूजन किया जाएगा।
तय व्यवस्थाएं : बुजुर्ग-दिव्यांगों के लिए रहेगी व्हीलचेयर, कोटवार की ड्यूटी लगी
पार्किंग – हरिफाटक पुल के समीप मेघदूत पार्किंग, कर्कराज महादेव मंदिर के पास, कार्तिक मेला ग्राउंड और धन उपार्जन केंद्र (बडऩगर रोड)।
लड्डू प्रसाद काउंटर- निर्गम मार्ग पर हरसिद्धि पाल, भील समाज धर्मशाला और कर्कराज पार्किंग जैसे प्रमुख स्थानों पर अस्थायी लड्डू प्रसाद काउंटर रहेंगेे।
खोया-पाया एवं पूछताछ केंद्र- कर्कराज पार्किंग, भील समाज धर्मशाला, चारधाम मंदिर पार्किंग, हरसिद्धि चौराहा, बड़ा गणेश मंदिर के सामने और प्री-पेड बूथ तिराहा पर सहायता केंद्र बनाए जाएंगे।
फायर स्टेशन- हरसिद्धि चौराहा, नृसिंह घाट तिराहा, भील समाज पार्किंग, कर्कराज पार्किंग, त्रिवेणी संग्रहालय और महाकाल महालोक कंट्रोल रूम पर।
चिकित्सा एवं एम्बुलेंस- पार्किंग स्थल, मंदिर परिसर और मार्गों पर डॉक्टरों-स्टाफ रहेंगे। कर्कराज, बड़ा गणेश मंदिर, त्रिवेणी और कंट्रोल रूम पर एम्बुलेंस रहेंगी।
दिव्यांग और वृद्धजनों के लिए सुविधा- नि:शक्तजनों, दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए जूता स्टैंड व प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों के पास व्हीलचेयर।संचालन हेतु कोटवारों की ड्यूटी लगाई।
जूता स्टैंड- पार्किंग स्थल भील समाज धर्मशाला और झालरिया मठ के पास रहेंगे। पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकरों, पानी की बोतलों और प्याऊ की विशेष व्यवस्था की गई है।







