लेडी किलर : पहले दोस्ती, फिर शादी का झांसा और फिर धोखाधड़ी

जयपुर के शख्स की कहानी, उज्जैन के शिवाजी पार्क में रहने वाली महिला को बनाया शिकार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जयपुर के मानसरोवर कॉलोनी में रहने वाले एक शख्स को अजीब फितूर है। वह महिलाओं से अलग-अलग तरह से दोस्ती करता है, फिर उन्हें शादी का झांसा देता है, लंबी रकम ऐंठता है और फिर भाग निकलता है। उज्जैन के शिवाजी पार्क कॉलोनी के एक संभ्रांत परिवार की तलाकशुदा महिला को इस शख्स ने अपना शिकार बनाया और उससे 1.32 करोड़ रुपए ठग लिए। आरोपी से दो महंगे मोबाइल उससे जब्त किए गए हैं। उसने महंगे जूते खरीद रखे थे। पांच सूटकेस भरकर जूते जब्त हुए हैं।
दरअसल, उज्जैन की महिला की मुलाकात करीब एक साल पहले जयपुर की मानसरोवर कॉलोनी में रहने वाले 36 साल के मनीष पिता तीरथदास से हुई थी। मनीष तब देवास से उज्जैन आया था। वह ऑटोरिक्शा से सफर कर रहा था और महिला भी इसी ऑटो में थी। दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर लिए और यही से दोस्ती का सिलसिला शुरू हुआ। बात इतनी आगे बढ़ी कि मनीष उज्जैन आ गया और महिला के साथ उसके ही घर में रहने लगा।
45 साल की महिला एक बच्चे की मां है और कारोबारी पति से उसका तलाक हो चुका है। पिता सरकारी सेवा से निवृत डॉक्टर हैं। महिला को सहारे की जरूरत थी और उसने मनीष में सहारा ढूंढा। मनीष ने भी शादी का झांसा दिया। जब महिला मनीष पर पूरा भरोसा करने लगी तो उसने रुपए ऐंठने शुरू किए। उसने अलग-अलग तरह से उससे 1.27 करोड़ रुपए ले लिए। 5 लाख रुपए उसने महिला के पिता से भी ले लिए। महिला ने जब शादी का हवाला दिया तो मनीष राजस्थान के पाली शहर चला गया।
3 महीने पहले दिया आवेदन
13 मई को महिला ने माधवनगर में धोखाधड़ी का आवेदन दिया। इसमें उसने बताया कि शादी का झांसा देकर उसके साथ मनीष ने अनैतिक कृत्य किया। अलग-अलग समय में करीब 1.27 करोड़ रुपए ले लिए। बाद में शादी करने से मना कर दिया गया। अब वह जान से मारने की धमकी दे रहा है।
अहमदाबाद में युवती को रखा
टीआई गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि आरोपी हैंडसम है। वह महंगे कपड़े और विलासी जीवन जीता है। इस कारण महिलाएं उसकी तरफ आकॢषत हो जाती हैं और वह महिलाओं का अपना शिकार बना लेता है। उसने अहमदाबाद में धार की एक युवती को पत्नी और निंबाहेड़ा की एक महिला को भी अपने साथ रखा है। वह तलाकशुदा है।
यूं फंसाता था महिलाओं को
आरोपी शहर बदल-बदलकर किराये के मकान में रहता था। वह ब्रांडेड कपड़े, मोबाइल रखता है। महिलाओं को बातचीत से फंसाता है। शादी की बात कहकर विश्वास में लेता है। फिर भाग जाता है। उज्जैन की महिला के परिवार ने तो भरोसा कर अलग मकान के लिए 5 लाख नगद भी दिए।









