राहुल गांधी संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे

जंतर-मंतर आंदोलन में पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच को लेकर पुलिस अधिकारियों से मांगी जानकारी
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे और जंतर-मंतर पर हुए एक आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल की घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। राहुल गांधी पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोहबच को भी अपने साथ लेकर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
राहुल गांधी दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट सीपी नुपुर प्रसाद से मिलने के लिए डीसीपी कार्यालय पहुंचे थे। बताया गया कि नुपुर प्रसाद ने हाल ही में पदभार संभाला है। राहुल गांधी अपने साथ कई शिकायतें लेकर पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई की जानकारी नहीं मिलने पर धरना
पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी बाहर निकले और संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके लिए मौके पर कुर्सी लगाई गई। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता भी वहां पहुंच गए। प्रियंका गांधी और जयराम रमेश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंचे।
धरने के दौरान बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी और सुरक्षाकर्मी भी थाने के बाहर मौजूद रहे। राहुल गांधी का कहना है कि पैलेट गन से घायल हुए व्यक्ति के मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शिकायत लेने की बात कही
दिल्ली पुलिस की ओर से बताया गया कि मामले से संबंधित शिकायत ले ली गई है और इसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच प्रक्रिया जारी है।
पुलिस की ओर से यह भी कहा गया है कि घटना को लेकर सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी गठित हो चुकी है। ऐसे में कमेटी की रिपोर्ट और संबंधित आदेश का इंतजार किया जाएगा। हालांकि, राहुल गांधी एफआईआर दर्ज करने और तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं।









