मिलादुन्नबी पर्व : कल व 26 को निकलेंंगे जुलूस

सवाल : रोड खुदे पड़े, कैसे निकलेंगे जुलूस
उज्जैन। ईद मिलादुन्नाबी का पर्व नजदीक है। बोहरा एवं मुस्लिम समुदाय में इसकी जोरदार तैयारी चल रही है। इन जुलूस के मार्ग खजूरवाली मस्जिद, केडी गेट, कंठाल चौराहा होकर हैं, फिलहाल यह रास्ते काम के चलते खुदे पड़े हैं, ऐसे में जुलूस कैसे निकलेंगे? यह सवाल सामने खड़ा है। निगम अफसर प्रशासन-पुलिस की मीटिंग में तालमेल की संभावना जता रहे हैं। हालांकि शनिवार दोपहर तक स्थिति साफ नही थी।
बो हरा समुदाय का मिलादुन्नबी जुलूस रविवार (२३ अगस्त )को निकालेगा। यह जुलूस सुबह करीब 8 बजे कमरी मार्ग से शुरू होगा और सुबह 11 बजे तक चलेगा। इसमें 1500 लोग, बैंड, चार से छह घोड़े, 4 बग्घी और स्काउट रहेंगे।
यह रहेगा रूट
कमरी मार्ग, गोपाल मंदिर, छत्रीचौक, टंकी चौराहा, मिर्जा नईम बेग मार्ग, निकास चौराहा, खजूरवाली मस्जिद, केडी गेट होते हुए फिर से कमरी मार्ग।
कहां दिक्कत- खजूरवाली मस्जिद और केडी गेट के बीच निर्माण कार्य जारी है। इस मार्ग का चौड़ीकरण हो रहा है। मिर्जा नईमबेग मार्ग भी कई जगह से टूटा-फूटा है। इस मार्ग पर सीवरेज प्रोजेक्ट चल रहा है। दोनों ही काम धीमी गति से चल रहे हैं।
मुस्लिम समाज का मिलादुन्नबी जुलूस 26 अगस्त को निकलेगा। यह सुबह 10 बजे जामा मस्जिद से शुरू होगा। इसमें बड़ी संख्या में बैंड और वाहन रहेंगे। लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
यह रहेगा रूट जामा मस्जिद, भार्गव तिराहा, केडी गेट, कमरी मार्ग, गोपाल मंदिर, पटनीबाजार, गुदरी चौराहा, लोहे का पुल, तोपखाना, दौलतगंज चौराहा, नईसडक़, कंठाल चौराहा, तेलीवाड़ा, टंकी चौराहा होते हुए जामा मस्जिद।
कहां है दिक्कत- खजूरवाली मस्जिद-केडी गेट रोड अभी तैयार नहीं हुआ है। इसी तरह कंठाल चौराहा भी खुदा पड़ा है। इस चौराहे को पेवर ब्लॉक लगाकर विकसित किया जा रहा है। राजसी सवारी (7 सितंबर) के दिन से पहले इसे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। काम तेज गति से जारी है फिर भी मिलादुन्नबी जुलूस वाले दिन तक इसके तैयार होने की संभावना कम है।
मीटिंग में रास्ता निकल आएगा
पुलिस एवं प्रशासन की शनिवार को मीटिंग है। इसमें पर्व और त्योहार के संबंध में चर्चा होनी है। इसमें कोई रास्ता निकल आएगा। चौड़ीकरण का काम तेज गति से चल रहा है। कोशिश रहेगी कि किसी को दिक्कत नहीं आए।
संतोष टैगोर, अपर आयुक्त नगरनिगम (सिंहस्थ)
बोहरा समुदाय को मिल चुकी है अनुमति
बोहरा समुदाय को जुलूस की अनुमति पुलिस विभाग से जारी हो चुकी है। एएसपी (शहर) ने यह अनुमति 19 अगस्त को दी है।









