मोबाइल के लिए पहाड़ी से कूदा बेटा, बचाने में मां-बाप भी खाई में गिरे; तीनों की मौत

छत्रपति संभाजीनगर में दर्दनाक हादसा, मोबाइल को लेकर माता-पिता से हुआ था विवाद
छत्रपति संभाजीनगर, एजेंसी। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को दर्दनाक घटना में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। तिसगांव इलाके के खावड्या पहाड़ पर 19 वर्षीय युवक ने खाई में छलांग लगा दी। उसे बचाने की कोशिश में पिता भी खाई में गिर गए। पति और बेटे को खाई में गिरता देख मां ने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, कुणाल चंदगुड़े (19) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खावड्या पहाड़ पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन को लेकर उसका माता-पिता से विवाद हुआ था। तिसगांव के पूर्व सरपंच के मुताबिक, कुणाल आईफोन लेना चाहता था।
बचाने पहुंचे माता-पिता
कुणाल के पहाड़ी पर जाने की जानकारी मिलने के बाद उसके माता-पिता मुरलीधर चंदगुड़े (48) और संगीता चंदगुड़े भी वहां पहुंच गए। दोनों छत्रपति संभाजीनगर के झाल्टा फाटा इलाके में रहते थे। पिता ने करीब 15-20 मिनट तक बेटे को समझाने की कोशिश की।
इसी दौरान कुणाल ने अचानक खाई में छलांग लगा दी। उसे पकड़ने की कोशिश में पिता का संतुलन बिगड़ गया और वे भी गहरी खाई में गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पति-बेटे को गिरता देख मां ने भी लगाई छलांग
पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने खाई में गिरता देखकर संगीता सदमे में आ गईं। इसके बाद उन्होंने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









