स्वाइन फ्लू के दो मरीज और मिले

चरक अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सर्वे
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। पिछले दिनों ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी महिला की स्वाइन फ्लू से मृत्यु के बाद उज्जैन व खाचरौद में दो नए मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने चरक अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड बनाने के साथ ही सर्वे भी शुरू कराया है।
एक मरीज आया वह भी प्रायवेट में चला गया
नारायण पिता चुन्नीलाल (66) निवासी मड़ावदा को परिजन स्वाइन फ्लू होने पर चरक अस्पताल लेकर आए थे। यहां जांच के बाद उन्हें चौथी मंजिल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। उपचार के कुछ समय बाद परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल में रैफर करा लिया। लक्ष्मी नगर निवासी एक अन्य व्यक्ति को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई लेकिन उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती नहीं कराया गया है।
सर्वे, स्क्रीनिंग और जांच: स्वास्थ्य विभाग ने खाचरौद में टीम भेजकर करीब 100 घरों का सर्वे कराया है। 500 लोगों की स्क्रीनिंग कराई। टीम द्वारा स्क्रीनिंग के दौरान स्वाइन फ्लू के अलावा मलेरिया की जांच भी की जा रही है। सर्वे करने वाली टीम को विभाग द्वारा दवाइयां भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
सर्दी-खांसी-बुखार से बच्च्े ज्यादा प्रभावित 75 बेड फुल
मौसम के बदलाव का सबसे बुरा असर बच्चों पर पड़ रहा है। चरक अस्पताल में प्रतिदिन 200 से अधिक बच्चों को लेकर परिजन उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। अधिकांश बच्चे सर्दी, खांसी, बुखार से पीडि़त हैं।
तबियत अधिक खराब होने पर बच्चों को शिशु वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। रविवार सुबह शिशु वार्ड के 75 बेड फुल हो चुके थे जबकि उपचार के लिये बच्चों की लाइन लगी थी। स्टाफ ने चर्चा में बताया कि यही स्थिति रही तो एक बेड पर दो बच्चों को भर्ती कर उपचार करना पड़ सकता है। सीएमएचओ डॉ. पटेल ने बताया कि हमारे पास दूसरी मंजिल पर अतिरिक्त वार्ड हैं। बीमार बच्चों की संख्या बढ़ती है तो उन्हें वहां शिफ्ट कर उपचार किया जाएगा।
लक्षण को अनदेखा न करें
लंबे समय तक सर्दी, खांसी, बुखार रहना स्वाइन फ्लू के लक्षण हो सकते हैं। स्वाइन फ्लू की जांच आवश्यक है। हालांकि समय पर उपचार शुरू होने के 7 दिनों बाद मरीज स्वस्थ हो जाते हैं। मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों को मास्क लगाना और सावधानी बरतना जरूरी है। -डॉ. एचपी सोनानिया, स्पेशलिस्ट
इनका कहना
स्वाइन फ्लू के मरीजों को भर्ती कर उपचार की व्यवस्था चरक अस्पताल में की गई है। 10 बेड का वार्ड तैयार है। डॉक्टर्स व अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाई है। एक मरीज आया था जिसे परिजन प्राइवेट अस्पताल ले गए हैं। एक और मरीज लक्ष्मी नगर में मिला है। दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हमारे पास है। जिन क्षेत्रों में मरीज मिल रहे हैं वहां भी हमारी टीमें पहुंचकर सर्वे और स्क्रीनिंग कर रही है। – डॉ. अशोक पटेल, सीएमएचओ









