गाजियाबाद के युवक के परिजन उज्जैन पहुंचे, पीएम के बाद शव साथ ले गए

होटल में मिली थी लावारिस लाश, दोस्त के साथ आया था महाकाल दर्शन करने
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र की होटल में मिले गाजियाबाद के युवक के शव का शुक्रवार को पीएम हो गया। पीएम के लिए उसके परिजन देर रात उज्जैन पहुंचे थे। युवक अविवाहित था और एक प्राइवेट कंपनी के नौकरी करता था। वह अपने दोस्त के साथ देवदर्शन के लिए आया था। दोनों नलियाबाखल स्थित एक होटल में ठहरे थे। इसी होटल के कमरे से पुलिस ने शव बरामद किया था।
पुलिस ने बताया कि मुकेश पिता वीरसिंह (38 ) गाजियाबाद से1 सितंबर को दोस्त विनीत गोयल निवासी विजय नगर गाजियाबाद के साथ आया था। दोनों नलिया बाखल स्थित होटल टेंपल व्यू में ठहरे थे। 3 सितंबर को विनीत होटल का बिल चुकाने के बाद चला गया। 4 सितंबर को होटल कर्मचारी रूम में पहुंचा तो मुकेश कुमार का शव पलंग पर दिखा। तब पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव जिला अस्पताल भेजा और परिजनों को सूचना दी। शनिवार सुबह चरक अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में पीएम किया गया।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था
मुकेश के छोटे भाई शैलेष ने बताया कि भाई ने एलएलएम किया था। वह प्रायवेट जॉब करता था। सरकारी नौकरी की तैयारी भी चल रही थी। विनीत उसके ऑफिस में काम करता है। 31 अगस्त को मुकेश घर से महाकाल मंदिर दर्शन के लिए निकला था। 2 सितंबर को उससे आखिरी बार बात हुई थी। उसके बाद संपर्क किया लेकिन किसी ने मोबाइल रिसीव नहीं किया।
दोस्त का मोबाइल बंद
पुलिस ने बताया कि विनीत होटल से अकेला गया है। फिलहाल मुकेश की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट के बाद होगा। पुलिस ने विनीत से मोबाइल पर संपर्क का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। परिजन का कहना है कि विनीत ही मुकेश की मृत्यु का कारण बता सकता है, जब साथ में दर्शन करने आया तो उसे अकेला छोडक़र क्यों गया ?
गाजियाबाद ले गए शव
शैलेष कुमार ने बताया कि पीएम के बाद शव गाजियाबाद ले जाएंगे। उनके पिता नहीं हैं। मां व बहनें घर पर हैं जिन्हें मुकेश की मृत्यु की स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।









