घर में घड़ी लगाते समय रखें इन बातो ध्यान

घर में घड़ी एक जरूरी चीज है, लेकिन वास्तु शास्त्र में इसे केवल समय देखने का साधन नहीं माना जाता। वास्तु के अनुसार घड़ी की दिशा, रंग और आकार का भी घर के माहौल पर असर माना जाता है। अगर आप घर में नई घड़ी लगाने की सोच रहे हैं, तो इन बातों का ध्यान रख सकते हैं।
घड़ी लगाने की सही दिशा
वास्तु के अनुसार पूर्व दिशा में घड़ी लगाना सबसे अच्छा माना जाता है। इसके अलावा उत्तर दिशा भी घड़ी के लिए उपयुक्त मानी जाती है। जरूरत पड़ने पर पश्चिम दिशा में भी घड़ी लगाई जा सकती है। वहीं, दक्षिण दिशा में घड़ी लगाने से बचने की सलाह दी जाती है। इसे वास्तु में अच्छा नहीं माना जाता और आर्थिक परेशानियों से जोड़ा जाता है।
दरवाजे और बेड के ऊपर न लगाएं
घड़ी को घर के मुख्य दरवाजे के ठीक ऊपर या किसी अन्य दरवाजे के ऊपर लगाने से बचना चाहिए। इसी तरह बेड के ठीक ऊपर या बहुत पास घड़ी लगाने से भी बचने की सलाह दी जाती है।
कैसी होनी चाहिए घड़ी?
वास्तु के अनुसार गोल आकार की घड़ी घर के लिए शुभ मानी जाती है। इसलिए बहुत ज्यादा अजीब या नुकीले आकार की घड़ी लगाने के बजाय सामान्य गोल घड़ी बेहतर विकल्प मानी जाती है।
घड़ी का रंग भी रखें ध्यान में
घड़ी के लिए सफेद, हल्का सलेटी, आसमानी, हल्का हरा और क्रीम जैसे हल्के रंगों को अच्छा माना जाता है। पूर्व दिशा में घड़ी लगाते समय लकड़ी या भूरे रंग की घड़ी भी चुनी जा सकती है। धातु जैसी फिनिश वाली घड़ी भी इस्तेमाल की जा सकती है।
बंद या टूटी घड़ी न रखें
वास्तु मान्यताओं के अनुसार घर में बंद, खराब या टूटी हुई घड़ी नहीं रखनी चाहिए। माना जाता है कि चलती हुई घड़ी सकारात्मकता और आगे बढ़ने का प्रतीक है, इसलिए खराब घड़ी को ठीक करवा लें या उसे बदल दें। घड़ी को समय-समय पर साफ रखना भी अच्छा माना जाता है।









