BRICS बिजनेस फोरम में दिग्गजों का जमावड़ा

मोदी का भाषण सुनेंगे दुनिया के बड़े कारोबारी
भारत 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। 12 से 13 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत ब्रिक्स और पार्टनर देशों के प्रमुख हिस्सा लेंगे। उससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक को संबोधित करेंगे। इसमें दुनिया की कई दिग्गज कंपनियों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।
एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इसमें चीन की कई बड़ी कंपनियों के प्रमुख शामिल हो सकते हैं। इनमें चाइना नेशनल पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (CNPC), दुनिया के सबसे बड़े बैंक इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना (ICBC), हुआवे टेक्नोलॉजीज और अलीबाबा ग्रुप शामिल हैं। इसका अलावा फर्स्ट अबू धाबी बैंक, एमिरेट्स एयरलाइन, एतिहाद एयरवेज और ब्राजील की एयरक्राफ्ट बनाने वाली कंपनी एम्ब्रेयर के प्रतिनिधि भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
1,000 विदेशी प्रतिनिधि
सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की बैठकें ‘मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण’ पर केंद्रित होंगी। इनमें करीब 1,000 विदेशी प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। इसके उद्घाटन सत्र को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर संबोधित कर सकते हैं। इसका समापन सत्र लीडर्स सेशन के साथ होगा जिसे मोदी संबोधित कर सकते हैं।
इसमें ब्रिक्स-प्लस देशों के कई राष्ट्राध्यक्ष भी शामिल हो सकते हैं। ब्रिक्स-प्लस देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं और इनकी अर्थव्यवस्थाएं वैश्विक व्यापार का लगभग 26% हिस्सा हैं।
कौन-कौन ले रहा है हिस्सा
इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन का एक बड़ा बिजनेस प्रतिनिधिमंडल भारत आ रहा है। इनमें CNPC के चेयरमैन होउलियांग दाई, ICBC के चेयरमैन लिन लियाओ और चाइना COSCO शिपिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन मिन वान प्रमुख हैं। आईसीबीसी एसेट्स के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा बैंक है। मार्केट कैप के हिसाब से अमेरिका का जेपी मोर्गन दुनिया का सबसे बड़ा बैंक है।
ब्राजील की एयरक्राफ्ट मेकर कंपनी एम्ब्रेयर के प्रेसिडेंट और CEO फ्रांसिस्को गोम्स नेटो, मेटल और माइनिंग कंपनी Vale के CEO गुस्तावो पिमेंटा, साउथ अफ्रीका की कंपनी Naspers Ltd. की CEO एफ. महानेले-डाबेंगवा, रशियन रेलवे के सीईओ और एग्जीक्यूटिव बोर्ड के चेयरमैन ओलेग बेलोजेरोव और रूसी बैंक Sberbank के एग्जीक्यूटिव बोर्ड के फर्स्ट डिप्टी चेयरमैन अलेक्सांद्र वेद्याखिन शामिल हैं।









