कुर्ती के साथ क्या पहनें? जानें हर मौके के लिए स्टाइलिंग आइडियाज

भारतीय महिलाओं के वॉर्डरोब में कुर्ती एक ऐसा पहनावा है, जो कभी फैशन से बाहर नहीं होता। इसकी खासियत है कि इसे आप ऑफिस, कॉलेज, त्योहार, पार्टी या कैजुअल आउटिंग—हर जगह अलग-अलग अंदाज में पहन सकती हैं। आजकल बाजार में कुर्ती के कई डिजाइन उपलब्ध हैं। सिंपल कॉटन कुर्ती से लेकर हैवी एम्ब्रॉयडरी वाली डिजाइनर कुर्ती तक, हर स्टाइल महिलाओं को पसंद आ रही है। लेकिन कुर्ती को खास बनाने के लिए जरूरी है कि उसे सही बॉटम वियर और एक्सेसरीज के साथ पेयर किया जाए।
आइए जानते हैं कुर्ती को स्टाइल करने के कुछ आसान और फैशनेबल तरीके।
1. सफेद कुर्ती से पाएं एलिगेंट और क्लासी लुक
सफेद कुर्ती हर महिला के वॉर्डरोब की ऐसी1 पसंद है, जिसे अलग-अलग मौकों पर पहना जा सकता है। ऑफिस लुक के लिए इसे स्ट्रेट पैंट और छोटे ईयररिंग्स के साथ पहनें। कैजुअल आउटिंग के लिए प्लाजो या चूड़ीदार के साथ ऑक्सीडाइज्ड झुमके आपके लुक में खूबसूरती जोड़ सकते हैं।
2. कैजुअल डे के लिए कुर्ती और जींस का कॉम्बिनेशन
पारंपरिक और मॉडर्न स्टाइल का फ्यूजन चाहती हैं, तो कुर्ती के साथ जींस पहन सकती हैं। शॉर्ट या प्रिंटेड कुर्ती को डेनिम जींस के साथ पहनना कॉलेज या आउटिंग के लिए बढ़िया विकल्प है। हूप ईयररिंग्स, घड़ी और आरामदायक जूते से लुक को स्टाइलिश बनाया जा सकता है।
3. कुर्ती के साथ चूड़ीदार देगा ट्रेडिशनल लुक
कुर्ती और चूड़ीदार का कॉम्बिनेशन हमेशा से पसंद किया जाता रहा है। त्योहार या पारंपरिक कार्यक्रमों के लिए लंबी कुर्ती के साथ मैचिंग चूड़ीदार पहनें। इसे झुमकों और हल्के दुपट्टे के साथ स्टाइल करके सादगी भरा खूबसूरत लुक पा सकती हैं।
4. कुर्ती और लेगिंग्स का आरामदायक स्टाइल
लेगिंग्स के साथ कुर्ती पहनना सबसे आसान और आरामदायक स्टाइल में से एक है। खासकर रोजमर्रा के लिए यह कॉम्बिनेशन काफी पसंद किया जाता है। ए-लाइन या स्ट्रेट कुर्ती के साथ कंट्रास्ट कलर की लेगिंग्स पहन सकती हैं। जैसे सफेद कुर्ती के साथ काली लेगिंग्स एक क्लासी लुक देती हैं। इस लुक के साथ जूती और हल्की ज्वेलरी पहनकर आप सिंपल लेकिन खूबसूरत दिख सकती हैं।
5. फेस्टिव लुक के लिए कुर्ती के साथ शरारा
अगर आप किसी शादी या त्योहार में कुर्ती पहनना चाहती हैं तो इसे शरारा के साथ स्टाइल करें। एम्ब्रॉयडरी, मिरर वर्क या डिजाइनर कुर्ती के साथ फ्लेयर्ड शरारा एक रॉयल लुक देता है। इसके साथ चांदबाली, चोकर नेकलेस और हाई हील्स पहनकर आप अपने लुक को और खास बना सकती हैं।
6. कुर्ती और प्लाजो से मिलेगा स्मार्ट लुक
प्लाजो के साथ कुर्ती आजकल काफी ट्रेंड में है। यह स्टाइल आरामदायक होने के साथ बेहद फैशनेबल भी लगता है। सिंगल कलर कुर्ती-प्लाजो सेट ऑफिस, लंच डेट या छोटे फंक्शन के लिए अच्छा विकल्प है। इसके साथ मिनिमल ज्वेलरी पहनकर आप एलिगेंट लुक पा सकती हैं।
7. ऑफिस लुक के लिए कुर्ती को पैंट के साथ करें स्टाइल
ऑफिस में एथनिक के साथ मॉडर्न लुक पाना चाहती हैं, तो कुर्ती के साथ पैंट एक अच्छा विकल्प है। स्ट्रेट कुर्ती को सिगरेट पैंट या ट्राउजर के साथ पहनें। हल्का दुपट्टा, छोटे ईयररिंग्स और आरामदायक फ्लैट्स आपके लुक को सादगी के साथ प्रोफेशनल बनाएंगे।
8. सर्दियों में कुर्ती को ऐसे करें स्टाइल
ठंड के मौसम में भी कुर्ती पहनने का अपना अलग अंदाज है। आप कुर्ती के ऊपर कार्डिगन, श्रग या लॉन्ग कोट पहन सकती हैं। इसके साथ स्कार्फ या स्टोल आपके लुक को स्टाइलिश बनाने के साथ आपको गर्म भी रखेगा।









